छत्तीसगढ़ को मिला नया मुख्य सचिव, विकास शील संभालेंगे जिम्मा

By : dineshakula, Last Updated : September 25, 2025 | 10:10 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव मिल गया है। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद आईएएस विकास शील (Vikas Sheel) राज्य के नए मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे। विकास शील 1994 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। उन्हें केंद्र से वापस लाया जा रहा है।

विकास शील का प्रोफाइल:
विकास शील का जन्म 10 जून 1969 को उत्तर प्रदेश में हुआ। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई और एमई किया है। उन्होंने 4 सितंबर 1994 को भारतीय प्रशासनिक सेवा ज्वॉइन की। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ कैडर को चुना।

वे बिलासपुर और रायपुर जैसे जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं और जांजगीर जिले में एसडीएम के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। कई विभागों में सचिव रह चुके विकास शील, 2018 से केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं।

मुख्य पदभार और अनुभव:

  • भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव

  • जल शक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के मिशन निदेशक

  • जनवरी 2024 से एशियाई विकास बैंक (ADB), मनीला में कार्यकारी निदेशक के सलाहकार

  • रायपुर और बिलासपुर के कलेक्टर

  • छत्तीसगढ़ सरकार में विभिन्न विभागों के सचिव

शिक्षा और प्रशिक्षण:
विकास शील ने अमेरिका के सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट में उन्नत अध्ययन का कोर्स किया है।

उनकी पत्नी निधि छिब्बर भी छत्तीसगढ़ कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और हरियाणा की निवासी हैं।

राज्य सरकार द्वारा अब उन्हें केंद्र से वापस लाकर छत्तीसगढ़ का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया जा रहा है। वे 1 अक्टूबर 2025 से यह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।