WhatsApp पर ‘Hi’ लिखते ही दर्ज होगी शिकायत, कांकेर पुलिस का स्मार्ट सिस्टम लॉन्च

पुलिस प्रशासन ने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि शिकायतों का समाधान तेज और प्रभावी तरीके से किया जा सके।

  • Written By:
  • Publish Date - March 18, 2026 / 12:13 AM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग (Smart Policing), डिजिटल गवर्नेंस (Digital Governance) और शिकायत प्रणाली (Complaint System) को आसान बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। अब लोग घर बैठे सिर्फ WhatsApp पर “Hi” या “नमस्ते” लिखकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इस नई व्यवस्था के तहत नागरिकों को पुलिस स्टेशन जाने की जरूरत नहीं होगी। कांकेर पुलिस ने एक WhatsApp नंबर जारी किया है, जिस पर मैसेज भेजते ही सिस्टम दो विकल्प देता है—नई शिकायत दर्ज करना या पहले से दर्ज शिकायत का स्टेटस चेक करना।

अगर कोई व्यक्ति शिकायत दर्ज करना चाहता है, तो उसे दिए गए विकल्प में “1” भेजना होगा। इसके बाद सिस्टम जरूरी जानकारी मांगता है और शिकायत दर्ज होते ही एक यूनिक नंबर जारी किया जाता है, जिससे शिकायत की पूरी प्रक्रिया को ट्रैक किया जा सकता है। वहीं, स्टेटस जानने के लिए “2” भेजकर अपडेट लिया जा सकता है।

पुलिस के अनुसार यह पूरा सिस्टम AI आधारित डैशबोर्ड से जुड़ा हुआ है, जहां सभी शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाती है और तय समय में उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाता है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि जवाबदेही भी तय होगी।

कांकेर के एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि यह पहल पुलिस सेवाओं को ज्यादा आसान, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए शुरू की गई है। साथ ही शिकायत के निपटारे के बाद लोग उसी नंबर पर फीडबैक भी दे सकेंगे, जिससे सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर किया जा सकेगा।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि शिकायतों का समाधान तेज और प्रभावी तरीके से किया जा सके।