MLA’ रंजना’ बोलीं, कांग्रेस ‘लालटेन’ लेकर वक्ता ‘खोज’ रही!

By : madhukar dubey, Last Updated : April 21, 2023 | 6:47 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक रंजना साहू (MLA Ranjana Sahu) ने कांग्रेस द्वारा हर जिले में 10 वक्ता नियुक्त करने साक्षात्कार आयोजित करने पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि अब तक कांग्रेस में नेताओं का अकाल सामने आ रहा था, अब लगता है कि वक्ताओं की भी कमी हो गई है जो लालटेन लेकर वक्ता खोज रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनता को जवाब नहीं दे पा रहे। उनके मंत्री जवाब नहीं दे पा रहे। उनके विधायक जनता का सामना नहीं कर पा रहे और कांग्रेस के प्रवक्ता (congress spokesperson) भी भाजपा के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे इसलिए अब वक्ता खोजो अभियान चल रहा है। यह भी विचित्र बात है कि जो कांग्रेस पार्टी का नहीं है, वह भी कांग्रेस का वक्ता हो सकता है। कांग्रेसी वक्ता बनने योग्य नहीं रह गए हैं।

जनता को ‘मुख्यमंत्री’ जवाब नहीं दे पा रहे, इसलिए चल रहा ‘वक्ता खोजो’ अभियान

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विधायक रंजना साहू ने कहा कि कांग्रेस हर जिले में 10 क्या 100 वक्ता बना ले, लेकिन क्या सच बोलने और स्वीकार करने की हिम्मत जुटा पाएंगे? कांग्रेस के छोटे से कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में 7 हजार बलात्कार हो गए। 3 हजार लोगों की निर्मम हत्या हो गई। 26 हजार लोगों ने इस सरकार से निराश होकर आत्महत्या कर ली। 25 हजार नवजात शिशु की मौत इलाज के अभाव में हो गई।

केंद्र सरकार की कोई योजना यहां सलीके से अमल में नहीं है। केंद्र की योजनाओं की रकम का दुरुपयोग किया जा रहा है। भ्रष्टाचार चरम सीमा को लांघ गया है। आरक्षण छीन लिया गया है। गरीबों का आवास छीन लिया। अन्न हड़प लिया। लूट मची हुई है। केंद्र ने जो पैसा दिया, पता नहीं कहां गया? नए वक्ता क्या इसका जवाब देने की हिम्मत जुटा पाएंगे?

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)