बस्तर बाढ़ पर MP का बड़ा सहयोग, CM मोहन ने भेजे 5 करोड़ और राहत सामग्री

By : dineshakula, Last Updated : September 7, 2025 | 5:50 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ के बीच मध्यप्रदेश सरकार (MP Government) ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया है।

भारी जन-धन नुकसान झेल रहे बस्तर क्षेत्र के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता और राहत सामग्री भेजी है। यह सामग्री ट्रेन के माध्यम से बस्तर भेजी गई है, जहां इसे प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से हुई तबाही बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हमारे पड़ोसी राज्य के साथ-साथ आत्मीय संबंधों से भी जुड़ा है, और ऐसे समय में सहायता करना हमारा दायित्व है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सहायता सिर्फ एक शुरुआत है, और भविष्य में अगर आवश्यकता पड़ी तो और मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकारों के बीच सहयोग और समन्वय को समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में सभी सरकारों को संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया के साथ काम करना चाहिए, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के इस सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह राहत न केवल भौतिक सहायता है, बल्कि दोनों राज्यों के बीच गहरे आत्मीय रिश्तों का प्रमाण भी है। साय ने उम्मीद जताई कि यह मदद बाढ़ प्रभावित लोगों को संबल देगी और उनके पुनर्वास में सहायक सिद्ध होगी।