सरेआम ‘ASI’ की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

By : madhukar dubey, Last Updated : January 31, 2023 | 10:03 pm

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सब्जी खरीद रहे थे, तभी अचानक एक व्यक्ति ने लकड़ी के पाटे से सिर पर प्रहार कर दिया। ड्यूटी खत्म करने के बाद सब्जी खरीद रहे थे। उसी दौरान एएसआई डीएन साहू पर प्राण घातक हमला कर दिया। सिर से ज्यादा खून बहने से उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

ये दर्दनाक वाक्या सारंगढ़-बिलाईगढ़ (Sarangarh-Bilaigarh) के सरिया में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुआ। जानकारी के अनुसार आरोपी ने मोटे डंडे से उस वक्त जोरदार हमला कर दिया, जब वे बाजार में सब्जियां खरीद रहे थे। हत्यारोपी 35 वर्षीय श्याम लाल सिदार (Shyam Lal Sidar) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत एक मानसिक विक्षिप्त युवक श्याम लाल सिदार (३५ वर्ष) ने उन पर अचानक हमला कर दिया। घटना दोपहर २ बजे की है। डंडे की चोट से उनका सिर फट गया। वे तुरंत जमीन पर गिर पड़े। लहूलुहान हालत में उन्हें आसपास के लोगों ने बरमकेला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट और अधिक खून बह जाने से उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

एएसआई डीएन साहू के रिटायरमेंट में करीब एक साल का वक्त बचा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी श्याम लाल सिदार को गिरफ्तार कर लिया है। सारंगढ़ के एसपी राजेश कुकरेजा ने बताया कि आरोपी सरिया वार्ड क्रमांक-५ का रहने वाला है। हत्या में इस्तेमाल खटिया पाटी को जब्त कर लिया गया है।