रायपुर (छत्तीसगढ़): नेशनल ट्राइबल गेम्स 2026 (National Tribal Games) के आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। देशभर से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो चुका है और अब तक 500 से अधिक खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं। आयोजन के लिए सभी खेल मैदान (Sports Grounds) पूरी तरह तैयार कर लिए गए हैं और जरूरी खेल उपकरण (Sports Equipment) भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि उसे इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी मिली है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताया।
उन्होंने जानकारी दी कि देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 3 हजार से अधिक खिलाड़ी और खेल अधिकारी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, आवास और भोजन सहित जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। लगातार खिलाड़ियों का पहुंचना जारी है और आज शाम तक अधिकांश प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है।
इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ कल शाम किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। यह प्रतियोगिता 3 मार्च तक चलेगी, जिसमें कुल सात खेलों का आयोजन किया जाएगा।
अरुण साव ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं। कुश्ती प्रतियोगिता अंबिकापुर में आयोजित होगी। एथलेटिक्स प्रतियोगिता जगदलपुर में कराई जाएगी, जबकि मलखंब प्रतियोगिता भी अंबिकापुर में आयोजित होगी।
तैयारियों की निगरानी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के 20 से अधिक अधिकारी पिछले पांच दिनों से रायपुर में मौजूद हैं। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।