छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन करीब, 31 मार्च तक सफाए का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा बने नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार अभियान चला रहे हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - March 29, 2026 / 11:34 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद (naxalites) के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि नक्सलवाद के सफाए के लिए तय समयसीमा में अब केवल दो दिन शेष हैं और 31 मार्च तक इसके पूरी तरह खत्म होने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा बने नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार अभियान चला रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में इस दिशा में निर्णायक सफलता हासिल होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की दृढ़ इच्छाशक्ति को इस अभियान की बड़ी ताकत बताया। उनके अनुसार, केंद्र सरकार के नेतृत्व और सुरक्षा बलों की रणनीति के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से नियंत्रण स्थापित किया गया है।

राज्य में पिछले कुछ समय से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, जिनमें कई बड़े माओवादी नेताओं को ढेर किया गया है और संगठन को कमजोर करने में सफलता मिली है। साथ ही सरकार विकास कार्यों के जरिए प्रभावित इलाकों में आधारभूत सुविधाएं भी मजबूत कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च की तय समयसीमा केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को भयमुक्त और विकास की नई राह पर आगे बढ़ाने का संकल्प है। आने वाले दिनों में नक्सलवाद के खात्मे के साथ राज्य में शांति और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।