Political Story : ‘पहली-दूसरी सूची’ पर अटकी ‘कांग्रेस-BJP’! अब दिल्ली में तय ‘होंगे’ नाम

By : hashtagu, Last Updated : September 7, 2023 | 2:42 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस और बीजेपी दाेनों पार्टियां तैयारी में जुटी हैं। वैसे इन दोनों के संगठन स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। जहां बीजेपी अपने विधानसभा की 21 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं कांग्रेस में प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन जारी है। बीजेपी अब दूसरी सूची जारी करने की तैयारी कर रही है। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने भी चुनाव समिति की दो दौर की बैठक के बाद पहली सूची के लिए 30-35 नाम तय कर लिए हैं। दोनों की सूची इसी हफ्ते आने की संभावना है।

  • कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक 8 को, पैनल वाले नामों पर होगी चर्चा

विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की पहली सूची 11 सितंबर तक आने के संकेत हैं। राजधानी में 8 सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें चुनाव समिति में तय किए गए नामों पर मंथन होगा। इसके बाद कांग्रेस की पहली सूची जारी होगी।

  • बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को रायपुर आ रहे हैं। अगले दिन वे राजनांदगांव में भरोसे के सम्मेलन में शामिल होंगे। मंत्री रविंद्र चौबे ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए इसी सप्ताह कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। आधे से अधिक सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। अधिकांश सीटों पर सिंगल नाम है। कुछ सीटों पर दो नाम का पैनल है। 8 सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी में नामों पर चर्चा होगी। बाद में सेंट्रल इलेक्शन कमेटी नाम पर मुहर लगाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन आज करेंगे चर्चा

राष्ट्रीय अध्यक्ष की 8 तारीख को राजनांदगांव में जनसभा होगी। मल्लिकार्जुन खरगे एक दिन पहले गुरुवार को रायपुर आ रहे हैं। यहां कांग्रेस के बड़े नेताओं, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी और मंत्रियों से भी वे चर्चा करेंगे।

  • टिकट के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं

  • चौबे ने दिल्ली दौड़ लगाने वाले नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि टिकट के लिए किसी को भी दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस प्रभारी सैलजा ने पहले ही इसे स्पष्ट कर दिया है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक राज्य में होगी तो दिल्ली दौड़ लगाने की कोई जरूरत ही नहीं है। नेताओं से मिलने अगर कुछ विधायक दिल्ली गए होंगे तो मुझे नहीं लगता कि इससे कोई लाभ होने वाला है। सारे फैसले रायपुर से ही होंगे।

आचार संहिता लागू होने से पहले 52 सीटों पर प्रत्याशी तय करने का प्लान

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के पैटर्न को फॉलो करते हुए भाजपा अपने 52 उम्मीदवारों की सूची आचार संहिता से पहले लागू करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में 21 उम्मीदवारों की पहली सूची भाजपा ने 17 अगस्त को ही जारी कर दी थी। 22 सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची इसी हफ्ते जारी किए जाने के संकेत हैं।

  • दरअसल, पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी रायपुर आए थे। संतोष ने संघ के पदाधिकारियों के साथ जागृति मंडल में और भाजपा नेताओं के साथ प्रदेश कार्यालय में बैठक की थी। बाद में शाह और बीएल संतोष ने प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान संघ के फीडबैक के साथ प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई।

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तय होंगे नाम

भाजपा की दूसरी सूची को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का इंतजार है। इस सूची में बस्तर और सरगुजा की कई सीटों के साथ कुछ मौजूदा विधायकों की दावेदारी पर भी पार्टी फैसला ले सकती है। संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इस बार विधायकों का टिकट भी काटने के मूड में है। भाजपा इस बार दो दर्जन महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में है। पार्टी ने पहली सूची में पांच महिलाओं को टिकट दिया है।

यह भी पढ़ें : केदार के निशाने पर ‘कृषि मंत्री’ रविंद्र चौबे! बोले, किसानों में ‘भ्रम’ न फैलाएं!…VIDEO