भक्ति की शक्ति और उमंग : 7500 किलो धान से बना डाले प्रभु ‘श्रीराम’ की रंगोली! विश्व रिकार्ड…

By : hashtagu, Last Updated : January 21, 2024 | 8:42 pm

रायपुर। प्रभु श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह (Sri Ram Lalla’s life consecration ceremony) की धूम पूरे प्रदेश में है। हर गली-मोहल्ले में श्रीराम के जाप और मानस पाठ की गूंज है। अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए सभी जी-जान से जुटे हैं। ऐसे में कलाकार चाहे वह संगीतज्ञ हो या कलाकृति बनाने के मर्मज्ञ। वे इस पल को इतिहास के पन्ने में दर्ज करने के लिए सभी आतुर हैं।

ऐसे में साइंस कॉलेज ग्राउंड में विश्व की सबसे बड़ी धान की रंगोली (World’s largest paddy rangoli) तैयार की गई है। जिसमें प्रभु श्री राम का चित्र उकेरा गया है। इस रंगोली को राष्ट्रवादी संघ ने राम मंदिर निर्माण उत्सव में बनवाया है। जिसे 51 आर्टिस्टों ने 7500 किलो धान से तैयार किया है। रंगोली के ड्रोन वीडियो में इसकी खूबसूरती और कलाकृति साफ नजर आ रही है।

राष्ट्रपति संघ के संयोजक वीरेंद्र दुबे ने बताया कि इस रंगोली का निर्माण एक चुनौती थी। इसे हमने कलाकारों की मदद से पूरा किया है। रंगोली बनाने से पहले कलाकारों की टीम ने कई घंटो तक इसका पेपर में ढांचा तैयार किया। उसके बाद इस जमीन पर उकेरा गया।

विश्व रिकॉर्ड में शामिल होगी रंगोली

संयोजक वीरेंद्र ने कहा कि इस रंगोली को हमने विश्व रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए आवेदन सबमिट किया है। कुछ बिंदुओं पर जांच के बाद ये रंगोली विश्व की सबसे बड़ी धान की रंगोली के वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो जाएगी।​​​​​​​ इस रंगोली को 51 आर्टिस्टों ने तीन दिनों की मेहनत के बाद तैयार किया है। इस रंगोली का टाइटल “भांचा श्री राम” दिया गया है।​​​​​​​

इस रंगोली को प्रसिद्ध रंगोली आर्टिस्ट प्रमोद साहू और उनकी छपाक की टीम ने मिलकर तैयार की है। प्रमोद ने बताया कि रंगोली को बनाने में 7500 किलो धान का उपयोग किया गया है। इस धान को कई रंगों में रंग कर प्रभु श्री राम का चित्र उकेरा गया है।

Ram Rangoli

2 और विश्व रिकॉर्ड का दावा

इस आयोजन में 2 और विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया है। जिसमें एक विश्व का सबसे बड़ा गमछा लगभग 2000 मीटर का बनाया गया है। जिसमें जय श्री राम लिखा गया है। जिसे VIP रोड के राम मंदिर में भगवान राम के चरणों में समर्पित किया जायेगा।

इसके अलावा संघ ने एक शोभायात्रा का भी आयोजन किया। जो साइंस कॉलेज मैदान से VIP रोड के राम मंदिर तक गयी। जिसमें 501 बच्चे प्रभु श्री राम के वेशभूषा में मौजूद रहे। ये बच्चे प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्थित स्कूलों से आए हुए थे।

इस आयोजन के बारे में जानिए

दरअसल, यह आयोजन छत्तीसगढ़ राष्ट्रवादी संघ की ओर से किया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर के स्थापना के अवसर पर संघ ने रविवार को रायपुर में भांचा राम के ननिहाल में महोत्सव का आयोजन किया। जिसमें रायपुर को पूरी तरह भगवामय किया गया था। जिसमें जगह-जगह श्री राम के झंडे, फ्लेक्स लगवाए गए।

संघ के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए राजनीतिक सहयोग न लेते हुए समाज के राम भक्तों से संपर्क किया है। जनसहयोग से ये कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने राम भक्तों को निवेदन करते हुए कार्यक्रम से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया था।

इस कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक उपमुख्यमंत्री अरुण साव और संरक्षक मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप और पूर्व मंत्री राजेश मूणत और पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल के मार्गदर्शन से हुआ है।