10 साल बाद रायपुर में IPL की वापसी, MI-RCB मुकाबले में टॉस बनेगा गेमचेंजर, बारिश से गेंदबाजों को मिलेगा फायदा

करीब 10 साल बाद रायपुर एक बार फिर IPL मैच की मेजबानी के लिए तैयार है, जिससे क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 10, 2026 / 11:57 AM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़: IPL 2026 का पहला मुकाबला रायपुर में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। मैच को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार शाम दोनों टीमों ने जमकर प्रैक्टिस (Practice) की, लेकिन बीच में बारिश (Rain) होने के कारण अभ्यास सत्र रोकना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम भी मौसम बदल सकता है, हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है।

शाम के समय आसमान में बादल बने रह सकते हैं और हल्की धूलभरी हवा चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम मैच पर थोड़ा असर डाल सकता है, लेकिन मुकाबला रद्द होने जैसी स्थिति बनने की उम्मीद नहीं है। करीब 10 साल बाद रायपुर एक बार फिर IPL मैच की मेजबानी के लिए तैयार है, जिससे क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में अब तक IPL के कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सिर्फ 2 मैच जीत सकी। आंकड़े बताते हैं कि रायपुर की पिच दूसरी पारी में बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होती है।

शुक्रवार शाम हुई अच्छी बारिश के बाद पिच और आउटफील्ड में हल्की नमी रहने की संभावना है। ऐसे में मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिल सकती है। नई गेंद थोड़ी रुककर आने की भी संभावना है, जिससे शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को रन बनाने में दिक्कत हो सकती है। बल्लेबाजों को क्रीज पर सेट होने के लिए समय लेना पड़ सकता है।

बारिश के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए टॉस की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकते हैं ताकि शुरुआती नमी और पिच मूवमेंट का फायदा उठाया जा सके। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो सकती है।

अगर पिच में नमी बनी रहती है तो स्पिनर्स और धीमे गेंदबाजों को भी ग्रिप और टर्न मिलने की उम्मीद है। खासकर मिडिल ओवर्स में बड़े शॉट लगाना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहेगा।

IPL के शुरुआती वर्षों में दिल्ली डेयरडेविल्स, जिसे अब दिल्ली कैपिटल्स के नाम से जाना जाता है, ने रायपुर को अपना वैकल्पिक होम ग्राउंड बनाया था। साल 2013, 2015 और 2016 में यहां कुल 6 IPL मुकाबले खेले गए। इनमें दिल्ली की टीम ने 4 मैच जीते, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद और RCB को एक-एक जीत मिली।

रायपुर में पहला IPL मुकाबला 28 अप्रैल 2013 को खेला गया था। उस मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स ने पुणे वॉरियर्स इंडिया को 15 रन से हराया था। इसके बाद 1 मई 2013 को दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से मात दी थी। रायपुर में IPL के शुरुआती मुकाबलों में दिल्ली का दबदबा देखने को मिला था।