नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे चर्चित ट्रेड सौदों में से एक आखिरकार पूरा हो गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) में घर वापसी हो गई है, जबकि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के लिए खेलते नजर आएंगे। दोनों फ्रेंचाइजियों ने इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड डील को आधिकारिक रूप से पूरा कर लिया है।
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ऋषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ प्रति सीजन 15 करोड़ रुपये के अनुबंध पर खेलेंगे। वहीं कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की सैलरी के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए हैं। यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी खिलाड़ी अदला-बदली मानी जा रही है।
ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था और टीम की कप्तानी भी सौंपी थी। हालांकि उनका दो साल का कार्यकाल उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। आईपीएल 2026 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और लखनऊ अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। इसके बाद पंत ने कप्तानी छोड़ दी थी।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ ऋषभ पंत का रिश्ता काफी पुराना रहा है। उन्होंने 2016 में इसी फ्रेंचाइजी से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और करीब नौ सीजन तक टीम का हिस्सा रहे। इस दौरान वह दिल्ली के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे और चार सीजन तक टीम की कप्तानी भी संभाली। दिल्ली के लिए उन्होंने 111 मुकाबले खेले, जो फ्रेंचाइजी के इतिहास में किसी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे ज्यादा मैच हैं।
दूसरी ओर कुलदीप यादव का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पांच सीजन का सफर काफी सफल रहा। 2022 से दिल्ली के लिए खेलते हुए उन्होंने 65 मैचों में 72 विकेट हासिल किए और टीम के प्रमुख मैच विनर गेंदबाजों में अपनी पहचान बनाई। अब लखनऊ सुपर जायंट्स उनसे अपनी गेंदबाजी इकाई को और मजबूत करने की उम्मीद करेगी।
इस ट्रेड के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स को एक बार फिर अपना पुराना चेहरा और अनुभवी नेता मिल गया है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद स्पिनरों में से एक कुलदीप यादव को अपने साथ जोड़ लिया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह डील दोनों टीमों की रणनीति और संतुलन को आने वाले सीजन में बड़ा असर पहुंचा सकती है।
आईपीएल 2027 से पहले हुए इस बड़े ट्रेड ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के समर्थक ऋषभ पंत की वापसी का स्वागत कर रहे हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रशंसकों को उम्मीद है कि कुलदीप यादव टीम की गेंदबाजी को नई धार देंगे। यह सौदा आने वाले सीजन की सबसे बड़ी क्रिकेट चर्चाओं में शामिल हो गया है।