15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड में अलग ड्रेसिंग रूम, ICC नियमों के चलते मिला खास प्रावधान

दरअसल, यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत लिया गया है।

  • Written By:
  • Publish Date - June 24, 2026 / 08:25 PM IST

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (International Cricket) में कदम रखने जा रहे वैभव को इंग्लैंड दौरे के दौरान एक अलग ड्रेसिंग रूम (Dressing Room) उपलब्ध कराया जाएगा। भारतीय क्रिकेट में यह पहला मौका होगा जब किसी खिलाड़ी के लिए उम्र के आधार पर ऐसा विशेष प्रावधान किया गया है।

दरअसल, यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत लिया गया है। यह नियम 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक-शारीरिक संरक्षण को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसी वजह से वैभव को सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि मैच, अभ्यास सत्र और टीम मीटिंग के दौरान वह बाकी खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने नाबालिग खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए यह नियम 2019 में लागू किया था। इस नीति का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, मानसिक दबाव या शोषण से सुरक्षित रखना है। इंग्लैंड में खेलों के दौरान इस नियम का सख्ती से पालन किया जाता है।

वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता भी पूरे दौरे के दौरान उनके साथ रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी कम उम्र को देखते हुए यह विशेष अनुमति दी है। दोनों उसी होटल में ठहरेंगे जहां भारतीय टीम रुकेगी। आमतौर पर खिलाड़ियों के परिवारों को टीम होटल में रहने की अनुमति नहीं होती, लेकिन वैभव के मामले में विशेष व्यवस्था की गई है।

वैभव हाल के वर्षों में भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट, इंडिया-ए और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। इंग्लैंड दौरे पर उनका अंतरराष्ट्रीय डेब्यू होने की संभावना है, जिस पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।