कोयला घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल 17 जुलाई तक EOW रिमांड पर, पूछताछ तेज

ईओडब्ल्यू के अनुसार, जांच के दौरान मिले दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, जब्त डायरी और अन्य रिकॉर्ड के आधार पर रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 9, 2026 / 03:09 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल (Ramgopal Agrawal) को कथित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार किए जाने के बाद अदालत ने 17 जुलाई तक रिमांड पर भेज दिया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) अब उनसे कोयला लेवी घोटाले के साथ-साथ शराब घोटाला और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, जांच के दौरान मिले दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, जब्त डायरी और अन्य रिकॉर्ड के आधार पर रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है। एजेंसी का दावा है कि जांच में ऐसे कई तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ जरूरी है।

जांच एजेंसी का आरोप है कि कोयला लेवी मामले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से जब्त डायरी में “कांग्रेस भवन” के नाम पर करोड़ों रुपये के भुगतान का उल्लेख है। ईओडब्ल्यू का दावा है कि जांच में सामने आया है कि यह राशि कांग्रेस कार्यालय में रामगोपाल अग्रवाल को सौंपी गई थी। हालांकि इन आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में सुनवाई के बाद ही होगा।

ईओडब्ल्यू ने यह भी कहा है कि रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय से जांच में सहयोग के लिए उपलब्ध नहीं हो रहे थे, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत से उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क तथा वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है।