विभाजन के चार जिम्मेदार ‘अंग्रेज-मुस्लिम लीग-वामपंथ और कांग्रेस’-शिवप्रकाश

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने धर्म के आधार पर हुए भारत विभाजन विभाजन को लेकर कहा कि विभिन्न लोगों ने

  • Written By:
  • Updated On - August 14, 2024 / 09:06 PM IST

  • सत्ता की लालसा में कांग्रेस लाचार बनी,थोड़ा धैर्य रखती तो नही होता विभाजन:शिवप्रकाश
  • विभाजन की पीड़ा कभी भूलनी नही चाहिए,हम कभी भूल नहीं पाएंगे:विष्णुदेव साय
  • भारत का विभाजन मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में एक:विष्णु देव साय
  • मेरे परिवार ने विभाजन का दंश झेला,जिन्होंने विभाजन करवाया वो देश को आज भी अपनी प्रॉपर्टी समझते है:मुकेश खन्ना
  • राष्ट्र विरोधी ताकतों को पहचानने की जरूरत:मुकेश खन्ना
  • युवा पीढ़ी को सत्य से अवगत कराने मोदी जी ने यह दिवस घोषित किया:बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश (BJP National Co-Organization General Secretary Shivprakash) ने धर्म के आधार पर हुए भारत विभाजन (Partition of india) विभाजन को लेकर कहा कि विभिन्न लोगों ने लिखा है कि इसके लिए 4 पात्र जिम्मेदार थे। पहला अंग्रेज थे। हमारे देश के ऊपर शासन करने वाले अंग्रेज इसके लिए दोषी थे। अंग्रेजों ने विभाजन का बीज बोया। हिन्दू-मुस्लिम के बीच दरार पैदा करके उन्होंने यह काम किया। विभाजन के लिए दूसरा पात्र मुस्लिम लीग जिम्मेदार था। मुस्लिम लीग ने प्रस्ताव पास किया था कि हमें भारत में नहीं रहना है, अलग देश चाहिए। गांधीजी के राष्ट्रभक्ति पर प्रश्नचिह्न नहीं है, लेकिन उन्होंने कहा था कि देश का विभाजन मेरी लाश पर होगा, लेकिन विभाजन हो गया और वह जीवित रहे। इस विभाजन का तीसरा पात्र है कांग्रेस। उस वक्त कांग्रेस का लचर और सत्ता प्रेमी नेतृत्व इसका कारण रहा और चौथा पात्र रहा वामपंथ। कांग्रेस और अंग्रेजों की इस लड़ाई को बुर्जुआ लड़ाई कहकर वामपंथी अंग्रेजों के साथ खड़े हो गए थे। श्री शिव प्रकाश भाजपा के तत्वावधान में बुधवार को यहाँ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित एक महती संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

भाजपा राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि विभाजन की विभीषिका के रूप में विभाजन की त्रासदी को याद करने और नई पीढ़ी को उससे अवगत कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त 2021 से इस दिवस के आयोजन की परंपरा को शुरू किया। हमारे देश का एक महाविनाशकारी विभाजन हुआ। श्री शिव प्रकाश ने कहा कि जो समाज,देश पीछे की ओर अपनी भूलों का स्मरण कर वर्तमान को सुधारते हुए भविष्य का एक सुनहरा चित्र प्रस्तुत करता है, भविष्य के सपने बुनने का काम करता है, वह समाज आदर प्राप्त करता है। जब हम इतिहास से सीख नहीं लेते, तब गलतियों की पुनरावृत्ति होती है और इसलिए बार-बार ऐसे संकट जो हमारे देश के समक्ष आए, हमारे सामने प्रस्तुत हुए, उससे सीख लेकर पिछली गलतियों को सुधारते हुए और आगे के लिए सही नीति का का क्रियान्वयन हो, यह हमारे लिए, हमारे समाज के लिए, हमारे देश के लिए आवश्यक है। आज का यह दिन हमको इस विषय पर विचार करने के लिए प्रेरित करता है और इसलिए संपूर्ण देश के अंदर भारत विभाजन दु:खांतिका का स्मरण कराने का काम हम कर रहे हैं।

शिव प्रकाश ने कहा कि जब देश 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता के जश्न में डूबा था, उसी समय देश के अंदर लाखों लोगों के घर लूटे गए, उनकी अपनी खुद की भूमि से उनको अलग होना पड़ा, हमारे ही समान उन्होंने भी स्वतंत्रता के लिए आंदोलन किया था, वह भी जेल गए। कांग्रेस के अधिवेशन लाहौर कराची के अधिवेशन में भी गए थे। आंकड़ों में बोलना हो तो अलग-अलग प्रकार के लोगों ने अलग-अलग प्रकार के आंकड़े दिए हैं। 2 लाख से लेकर 20 लाख तक की संख्या की आबादी विभाजन के कारण हत्या की शिकार हुई। डेढ़ करोड़ लोगों की आबादी के अपनी भूमि से निर्वासित होना पड़ा और 78 हजार वर्ग मील भूमि हमारे हाथ से चली गई। भारत माता खंडित हो गई। हमारी सनातनी परंपरा के अंतर्गत खंडित प्रतिमा की पूजा नहीं की जाती है। इस भारत माता की भी हमारे क्रांतिकारियों ने साक्षात् देवी के रूप में वंदना की थी। बंकिमचंद्र चटर्जी ने वंदे मातरम में भारत माँ को लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा कहा, वह मां जिसकी स्वतंत्रता के लिए असंख्य क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व त्याग किया था वह प्रतिमा खंडित हो गई।

भाजपा राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि विभाजन के बाद जब हम अमृतसर के लिए लाहौर और कराची से चलते थे, वहां से हजारों लोग चले थे पर भारत आते-आते यह संख्या महज 10, 20, 25 बचती थी। जो बांग्लादेश में अभी हो रहा है, अभी उसकी कल्पना करके देखें तो उस समय की विभीषिका कितनी भयानक रही होगी? आज का जो कोलकाता है, वहाँ जब मुस्लिम लीग ने 16 अगस्त 1946 को डायरेक्ट एक्शन किया तब 10 हजार लोगों का कत्ल हुआ था। एयरपोर्ट पर पैर रखने के लिए जगह नहीं थी और लोग लाशों के ऊपर चल रहे थे। श्री शिवप्रकाश ने दुर्गादास और रा,स्व,संघ के सर कार्यवाह रहे एच.वी.शेषाद्रि की पुस्तक ‘और देश बँट गया’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे देश के ऊपर शासन करने वाले साम्राज्यवादी शक्तियों के प्रतीक अंग्रेजों को जब ऐसा लगा कि देश का देश को छोड़कर जाना ही पड़ेगा तो जाते-जाते वह इसका विभाजन कर गए। अंग्रेज सोचते थे कि यहां भारत पाक संघर्ष होता रहेगा हम पंच के रूप में यहां पर नेता बने रहेंगे, भारत कमजोर रहेगा। इसलिए उन्होंने विभाजन के बीज बोने का काम किया। 1857 स्वाधीनता का जो प्रथम समर है, उसमें कहीं हिंदू और मुस्लिम का भेद नहीं दिखता है। बहादुरशाह जफर के नेतृत्व में भारत अपनी स्वतंत्रता के लिए निकला। अंग्रेज जानते थे कि अगर यह स्वतंत्रता की लड़ाई मिलकर लड़ते रहेंगे तो हम लंबे समय तक शासन नहीं कर पाएंगे, इसलिए मुस्लिम लीग की स्थापना 1906 में ढाका में हुई और फूट डालो-राज करो की नीति पर काम किया। टू-नेशन थ्योरी के तहत दो ही राष्ट्र मुस्लिम देश अलग, हिंदू राष्ट्र अलग। इसके लिए मुस्लिम लीग ने 1940 में कहा हम भारत में नहीं रह सकते हैं। यदि राष्ट्र का आधार धर्म है तो पाकिस्तान ,पूर्वी पाकिस्तान, आज का पाकिस्तान और बांग्लादेश का विभाजन क्यों हुआ? अफगानिस्तान और पाकिस्तान क्यों संघर्ष हुआ? दोनों ही मुस्लिम देश हैं। इस तरह एक गलत सिद्धांत को रचने का काम किया गया।

भाजपा राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि तत्कालीन नेतृत्व ने काश धैर्य का परिचय दिया होता तो यह विभाजन नहीं होता। विभाजन तय होने के बाद जिन्ना जब कराची पहुँचे तो अपने एड़ीसी से उन्होंने कहा कि मुझे कल्पना नहीं थी इतनी जल्दी पाकिस्तान मिल जाएगा और कांग्रेस में मान जाएगी। पाकिस्तान बनने के 11 महीने के बाद जिन्ना का इंतकाल हो गया। इसी प्रकार आजाद हिंद फौज के बढ़ते प्रभाव के बावजूद भारतीय नेताओं ने धैर्य का परिचय नहीं दिया। अंग्रेजों को लगता था कि आजाद हिंद फौज के सैनिकों की फौज उनके साथ खड़ी रही तो हम विभाजन नहीं कर सकते, इसलिए विभाजन की जो तारीख तय हुई थी, अंग्रेज उससे जल्दी भारत छोड़कर चले गए। श्री शिवप्रकाश ने कहा कि 1905 में अंग्रेज बंग भंग लेकर आई थी। 1916 के लखनऊ अधिवेशन के बाद इस देश में एक परंपरा, जिसके दंश भारत आज भी भुगत रहा है, तुष्टीकरण शुरू हुई। हिंदी के नाम पर हिंदुस्तानी भाषा का नामकरण किया गया। तुष्टिकरण कल्चर से भारत झुकता चला गया। श्री शिव प्रकाश ने कहा कि आज जो भारतीय जनता पार्टी की स्थिति है, उसको हराने के लिए कांग्रेस प्रयास कर रही है। आज इतना आगे आने के बाद हमको विचार करना पड़ रहा है कि विभाजन से क्या मिला? हम तो किसी प्रकार से सम्हल रहे हैं लेकिन पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति क्या है? भीख का कटोरा लेकर संपूर्ण दुनिया के अंदर घूम रहा है और चीन और अमेरिका का पिछलग्गू बनकर मोहरा बनकर काम कर रहा है। अगर भारत एक होता तो दुनिया का सबसे समृद्ध और शक्तिशाली देश होता। । इस देश के अंदर संविधान का गौरव बढ़ाने का काम पिचले 10 वर्षों में श्री मोदी ने किया। यह कांग्रेस ने नहीं किया था लेकिन कहा गया कि वह संविधान बदल देगा। जिन्होंने बाबा साहब को चुनाव नहीं जीतने दिया, वे लोग कह रहे हैं कि संविधान बदल देंगे। श्री शिवप्रकाश ने आग्रह किया कि पहले समाज के लोगों को यह मालूम होना चाहिए कि सत्य क्या है? और हम स्वयं ही सत्य बोलें। इसकी जानकारी भी इकट्ठा करें, इसका अध्ययन भी करें और अपने आने वाली पीढ़ी को इस बारे में बताइए। इन राष्ट्र विरोधी ताकतों की असलियत को समझते हुए उनके फेक नैरेटिव से बचाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि की आसंदी से सर्वप्रथम विभीषिका में प्राण गँवाने वाले सभी जनों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित दी। श्री साय ने कहा कि भारत का विभाजन देश का विभाजन नहीं था यह मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक थी। विभाजन का दंश जो पीढ़ी ने झेला है, उसे आने वाली पीढ़ी कभी नहीं भूलेगी। यह कभी भूलना भी नहीं चाहिए। यह हम कभी नहीं भूलेंगे इसलिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की शुरुआत की है। भारत विभाजन के दौरान लोगों का विस्थापन हुआ लोग अपनों से बिछड़ गए लोगों ने मजबूरी में किस तरह पलायन किया उसकी तस्वीरें को कोई नहीं भूल सकता है। यह दिवस पर संप्रभुता और अखंडता के लिए एकजुट होने का सबक है।

विभाजन विभीषका की यातनाएं लाखों लोगों ने सहन की है साथ ही निर्ममता से मासूमों की हत्या की गई, बहु बेटियों का माता बहनों का निर्मम बलात्कार हुआ, लाखों लोग अपने जड़ों से दूर होकर शरणार्थी बनने को विवश हुए और ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दो नेताओं ने अपनी स्वार्थ को,कुर्सी के मोह को और देश को अलग रखा। आज भी हम इस वेदना से मुक्त नहीं हो पाए। आज बांग्लादेश में क्या स्थिति है या सभी देख रहे है आज भी हत्याओं के हृदय विदारक समाचार आ रहे हैं। भारत ने कभी धर्म-मजहब के नाम पर किसी से भेदभाव नहीं किया क्योंकि हम सर्वे भवन्तु सुखीन और वसुधैव कुटुंबकम की भावना को मानने वाले है। यह हमारा सौभाग्य है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने प्रास्ताविक भाषण में कहा कि इतिहास में इतनी बड़ी विभिषिका कोई दूसरी नहीं हुई होगी। हम आजादी का जश्न तो मानते हैं परंतु उस जश्न के साथ में करोड़ों लोगों के दुख पीड़ा जिन्होंने अपने जन्मस्थान को छोड़, अपनी जड़ों को छोड़, अपने परिवार को खोया, अपने परिवार के लोगों के साथ अत्याचार देखा है। शायद विश्व के इतिहास में इतनी बड़ी विभीषिका कोई दूसरी नहीं हुई होगी। विभाजन के दौरान 20-20 लाख लोगों की हत्या हुई करोड़ों लोगों को अपना देश, अपनी जन्म भूमि अपनी जमीन छोड़कर आना पड़ा और कभी उनको याद नहीं किया जाता रहा। 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन की विभीषिका के बारे में लोगों को बताने के लिए और हमारी आने वाली पीढ़ी को जानकारी हो, हमको आजादी ऐसे नहीं मिली है इस आजादी के साथ हमें आंसू भी मिले हैं और उसकी याद करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

विचारक एवं फिल्म कलाकार मुकेश खन्ना ने कहा कि आज राष्ट्र विरोधी ताकतों के इरादों को पहचानने की आवश्यकता है। कुछ बातें ऐसी होती है जिन पर विचार करने के लिए हम विवश होते हैं। 14 अगस्त को जब देश का बंटवारा हुआ था, क्या देश राजनीति में धर्म के आधार पर बंटता है? पाकिस्तान बना, पर हिंदुस्तान कहां है। देश राजा के लिए नहीं होता, राजा देश के ले होता है। आजकल नेता देश को अपनी प्रॉपर्टी समझ कर व्यवहार कर रहे हैं। जो विभाजन हुआ था, उसमें कितने ही लोग विस्थापित हुए थे। मेरा परिवार भी पाकिस्तान से विभाजन के बाद यहां आया हैं। इससे ज्यादा क्रूर विभाजन पहले कभी नहीं हुआ है।

राजधानी के मेडिकल कॉलेज सभागार में संगोष्ठी में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विचारक एवं फिल्म कलाकार मुकेश खन्ना, विधायक पुरंदर मिश्रा, और विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व सांसद सुनील सोनी, वन औषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता एवं विभाजन विभिषिका दिवस के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव, सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी, प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत सिंह छाबड़ा, विश्वदिनी पांडेय सहित भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता, विभाजन विभीषिका का दंश झेल चुके लोग एवं उनके परिवार, विभिन्न संगठनों से आए आमजन मौजूद रहे। इस अवसर पर सर्व श्री मनमोहन सिंह सैलानी, भीमनदास बजाज, मनुमल पृथ्वानी सहित विभाजन के दंश झेल चुके वरिष्ठ नागरिकों का शाल व स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनुराग सिंहदेव ने किया।

यह भी पढ़ें : विभाजन सिर्फ देश का विभाजन नहीं, मानव ‘इतिहास’ की सबसे बड़ी ‘त्रासदियों’ में से एक-विष्णु देव साय…VIDEO

यह भी पढ़ें :देश के ‘विभाजन विभीषिका’ की सच्चाई से ‘रूबरू’ होंगे रायपुरवासी! CM विष्णुदेव ने प्रदर्शनी का काटा फीता

यह भी पढ़ें :Chhattisgarh : बजी ‘नगरीय निकाय-पंचायत’ चुनाव की घंटी! जानिए क्या है आयुक्त ‘अजय सिंह’ का फरमान

यह भी पढ़ें :X Story : भूपेश के ‘बयान’ पर क्यों ‘महेश गागड़ा’ ने कहा-पत्थर पर ‘सिर’ पटकने से पत्थर नहीं फूटता ! मान्यवर

यह भी पढ़ें :क्या ‘छत्तीसगढ़’ में इसके बहाने BJP का ‘चुनावी’ ब्लूप्रिंट ?… शिवप्रकाश के दौरे के मायने