आज PM मोदी करेंगे ‘बिलासपुर’ में परिवर्तन यात्रा का समापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन महीने में तीसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बिलासपुर में शनिवार को भाजपा की ​परिवर्तन यात्रा का समापन करेंगे।

  • Written By:
  • Updated On - September 30, 2023 / 01:41 PM IST

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) तीन महीने में तीसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बिलासपुर में शनिवार को भाजपा की ​परिवर्तन यात्रा का समापन (End of Parivartan Yatra) करेंगे। साइंस कॉलेज मैदान में उनकी जनसभा होगी। विधानसभा चुनाव के लिहाज से संभाग की 25 सीटों पर उनकी सभा को अहम माना जा रहा है।

मोदी की सभा में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया है। पांच साल में यह दूसरा मौका है, जब प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले साल 2018 में उन्होंने इसी साइंस कॉलेज मैदान में चुनावी सभा ली थी। पीएम के दौरे को लेकर साइंस कॉलेज मैदान को सील कर दिया है। इस मार्ग पर सुबह 10 बजे से छह घंटे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद है।

दो परिवर्तन यात्रा का समापन

विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा ने दो परिवर्तन यात्रा निकाली। दंतेवाड़ा और जशपुर से शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा में पहुंची। दोनों यात्रा का समापन एक साथ 30 सितंबर को बिलासपुर में होगा।

मोदी के दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

सुबह 11:45 बजे दिल्ली से विशेष विमान से रायपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 2:20 बजे सेना के हेलीकॉप्टर से बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। दोपहर 2:30 बजे पीएम मोदी सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3:45 बजे तक मंच पर रहेंगे। दोपहर 3:50 बजे बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 4:50 बजे पीएम मोदी विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

हेलीपैड से सभा स्थल तक रोड शो

भाजपा ने परिवर्तन यात्रा को महासंकल्प रैली का नाम दिया है, जिसमें हेलीपैड से PM मोदी रोड शो करते हुए सभास्थल पर पहुंचेंगे। रोड शो के लिए रथ भी बिलासपुर पहुंच गया है। राजधानी रायपुर और रायगढ़ के बाद मोदी की यह तीसरी सभा है।

दावा भी किया जा रहा है कि इस सभा में एक लाख से अधिक की भीड़ रहेगी, जिसके हिसाब से दो लाख वर्गफीट का डोम बनाया गया है। सभा की तैयारी के लिए संगठन प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन और महामंत्री संगठन पवन साय समेत नेताओं ने प्रदेश के पदाधिकारियों को विधानसभावार पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

यह भी पढ़ें : संजय दत्त का सेंस ऑफ ह्यूमर ‘अनरियल’ है : सुनील शेट्टी