सरकार बदलने पर ‘विवेक ढांड’ का नवाचार आयोग अध्यक्ष पद से इस्तीफा

By : hashtagu, Last Updated : January 5, 2024 | 4:04 pm

रायपुर। पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने 3 फरवरी 2023 को आयोग का गठन करने के साथ बतौर अध्यक्ष विवेक ढांड की नियुक्ति की थी। छत्तीसगढ़ राज्य नवाचार आयोग (Chhattisgarh State Innovation Commission) के अध्यक्ष विवेक ढांड (President Vivek Dhand) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विवेक ढांड ने मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सौंपे अपने इस्तीफे देने की वजह व्यक्तिगत कारण बताया है। इस्तीफा सौंपने के साथ ही तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का आग्रह किया है।

क्यों छोड़ा पद?

  • भाजपा सरकार रहते हुए ढांड अहम विभागों के सचिव और मुख्य सचिव बने थे, मगर अक्सर उनकी सरकार से खींचतान होती रही। वे पहले भाजपा सरकार के वक्त मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में काम कर चुके थे। हालांकि मुख्यमंत्री की नाराजगी के चलते उन्हें उनके सचिव पद से हटना पड़ा था, लेकिन इस बीच उन्होंने गिले-शिकवे दूर किए और प्रदेश के मुख्य सचिव बने। मगर कांग्रेस सरकार आने के बाद प्रमुख पदों पर ढांड को रिटायरमेंट के बाद संविदा नियुक्तियां मिलती रहीं। अब माना जाने लगा है कि कांग्रेस के अधिक करीब होने की वजह से सरकार बदलने पर उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है।
  • Dhand 11 1704448350

ढांड के नाम सर्विस का रिकॉर्ड

विवेक ढांड ने सबसे लंबे समय तक मुख्य सचिव होने का रिकॉर्ड बनाया है। उनसे पहले 1977 बैच के पी जॉय उम्मेन सर्वाधिक समय तक मुख्य सचिव रहे हैं। 1981 बैच के छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ढांड 1 मार्च 2014 को मुख्य सचिव बने थे। वो नौकरशाही के सबसे ऊंचे पद पर बैठने के मामले में 3 साल 7 महीने 25 दिनों तक रिकॉर्ड कायम कर गए, जबकि उम्मेन 3 साल 7 महीने ही सीएस रहे थे।

नवंबर 2000 में बने छत्तीसगढ़ के पहले सीएस अरुण कुमार भटनागर बने थे। इसके बाद एसके मिश्रा, अशोक विजयवर्गीय, रामप्रकाश बगई, शिवराज सिंह, पी जॉय उम्मेन, सुनील कुमार और विवेक ढांड सीएस बने थे। इनमें से उम्मेन और ढांड के अलावा किसी का भी कार्यकाल 2 साल से अधिक नहीं रहा। एक को छोड़कर उम्र की वजह से सभी रिटायर हो गए। सर्वाधिक ताकतवर चीफ सेक्रेटरी शिवराज सिंह और सुनील कुमार का कार्यकाल भी 2 साल से कम ही रहा।

यह भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस! IYC ऐप से ‘नए वोटरों’ को जुड़ेगी