मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। खबर है कि 61 वर्षीय आमिर खान (Aamir Khan) अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को शादी करने जा रहे हैं। यह शादी बेहद निजी (Private) और रजिस्टर्ड (Registered) होगी, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर खान और गौरी स्प्रैट पहले ही अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं और अब 5 जुलाई को एक सादे समारोह में अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप देंगे। आमिर ने भी हाल ही में इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा था कि शादी की खबर सही है और वह इसे बेहद साधारण रखना चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि शादी का आयोजन आमिर खान के घर पर ही किया जाएगा। इसमें फिल्म इंडस्ट्री के चुनिंदा लोग और परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे। आमिर और गौरी पिछले कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। अभिनेता ने अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार गौरी को सार्वजनिक रूप से मीडिया से मिलवाया था।
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और मुंबई में ब्यूटी एवं फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। वह एक बेटे की मां भी हैं। आमिर और गौरी की दोस्ती कई साल पुरानी बताई जाती है, जो बाद में रिश्ते में बदल गई।
आमिर खान की यह तीसरी शादी होगी। इससे पहले उन्होंने रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनका तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की, लेकिन दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। हालांकि आज भी आमिर और उनकी पूर्व पत्नियों के बीच अच्छे संबंध हैं।
हाल ही में आमिर खान, गौरी स्प्रैट और किरण राव को एक साथ पारिवारिक कार्यक्रमों में भी देखा गया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
फिलहाल आमिर खान की तीसरी शादी की खबरें बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। फैंस भी 5 जुलाई का इंतजार कर रहे हैं, जब बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करेंगे।