छत्तीसगढ़ में 48 घंटे में मानसून की एंट्री, मध्य प्रदेश में 15 दिन की देरी, अभी और करना होगा इंतजार

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 23 जून 2026 तक छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - June 21, 2026 / 11:51 AM IST

रायपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए मानसून (monsoon) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) की रफ्तार धीमी रहने से दोनों राज्यों में इसकी एंट्री देर से हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटे में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच सकता है, जबकि मध्य प्रदेश के लोगों को अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 23 जून 2026 तक छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे राज्य में मानसून की औपचारिक दस्तक होने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य तिथि से करीब 15 दिन की देरी से पहुंचने का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह करीब 10 दिन देर से पहुंचेगा।

इससे पहले मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन की संभावित तारीख 12 जून बताई थी, लेकिन मौसम प्रणालियों की कमजोरी और धीमी प्रगति के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ पाया। अब नए अनुमान के मुताबिक 23 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वर्तमान रेखा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। विभाग का कहना है कि 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल रहेगा।

आमतौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसकी चाल बेहद धीमी रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो मानसून 25 से 29 जून के बीच मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। ऐसे में प्रदेशवासियों को अभी कुछ और दिन प्री-मानसून गतिविधियों के सहारे ही राहत मिलेगी।

इस बीच मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग भोपाल ने प्रदेश के 37 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार 21 जून को इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, दतिया, शिवपुरी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, झाबुआ और अलीराजपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं राजधानी भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, गुना, अशोकनगर, रतलाम, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच और मंदसौर में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।