नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज (Indian-flagged) वाले तीन कच्चे तेल (Crude Oil) टैंकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को सुरक्षित रूप से पार कर भारत की ओर रवाना हो गए हैं। इन टैंकरों में 8.6 लाख मीट्रिक टन से अधिक कच्चा तेल लदा हुआ है और इनमें कुल 94 भारतीय चालक दल (Crew Members) सवार हैं।
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री Sarbananda Sonowal ने जानकारी दी कि ‘देश वैभव’, ‘देश विभोर’ और ‘सनमार हेराल्ड’ नाम के तीनों भारतीय टैंकर शनिवार को सफलतापूर्वक हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर गए और अब भारतीय बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि तीनों जहाज अगले सप्ताह भारत पहुंचने की संभावना है। ‘देश वैभव’ 24 जून को गुजरात के वाडिनार बंदरगाह पहुंच सकता है, जबकि ‘देश विभोर’ के भी उसी दिन सिक्का बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हाल के महीनों में क्षेत्रीय संघर्ष और सुरक्षा चिंताओं के कारण कई जहाज इस मार्ग में फंस गए थे। इससे भारत सहित कई देशों की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।
सरबानंद सोनोवाल ने कहा कि सरकार भारतीय नाविकों की सुरक्षा और देश की ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रही है। तीनों टैंकरों का सुरक्षित रूप से भारत की ओर रवाना होना देश की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।