‘धुरंधर: द रिवेंज’ का धमाका, पहले दिन 80 करोड़ पार, तोड़े ‘पुष्पा 2’ और ‘जवान’ के रिकॉर्ड

इससे पहले ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 10वें दिन, दूसरे रविवार को 58.20 करोड़ रुपए की कमाई की थी, लेकिन इसका सीक्वल पहले ही दिन उस आंकड़े से 20 करोड़ रुपए आगे निकल गया है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 20, 2026 / 10:16 PM IST

मुंबई, महाराष्ट्र: फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (Dhurandhar: The Revenge) ने बॉक्स ऑफिस (box office) पर रिकॉर्डतोड़ शुरुआत करते हुए नई मिसाल कायम कर दी है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही पेड प्रीव्यू (paid previews) में 40 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली, जो इसके पहले पार्ट ‘धुरंधर’ की पहले दिन की 28.60 करोड़ रुपए की कमाई से कहीं ज्यादा है।

फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन ने सभी उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने ओपनिंग डे पर 80 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया, जो इसके पहले पार्ट के लाइफटाइम के सबसे बड़े दिन से करीब 30 करोड़ रुपए ज्यादा है।

इससे पहले ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 10वें दिन, दूसरे रविवार को 58.20 करोड़ रुपए की कमाई की थी, लेकिन इसका सीक्वल पहले ही दिन उस आंकड़े से 20 करोड़ रुपए आगे निकल गया है।

फिल्म ने सिंगल लैंग्वेज में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2: द रूल’ के नाम था, जिसने 72 करोड़ रुपए कमाए थे, जबकि जवान 65.50 करोड़ रुपए के साथ दूसरे स्थान पर थी। अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इन दोनों फिल्मों से काफी आगे निकल चुकी है।

इसके अलावा ‘स्त्री 2’, ‘एनिमल’ और पठान जैसी बड़ी फिल्में भी इस नई ब्लॉकबस्टर के सामने पीछे रह गई हैं।

फिल्म ने अब तक 120 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है और अभी वीकेंड (weekend) की शुरुआत ही हुई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का एक्सटेंडेड वीकेंड कलेक्शन 375 से 400 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।

डायरेक्टर आदित्य धर की इस एक्शन-ड्रामा फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर और बड़े रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद जताई जा रही है।