मुंबई: रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ (Dhurandhar 2: The Revenge) आखिरकार ओटीटी (OTT Release) पर रिलीज हो गई है, लेकिन भारत के दर्शक अभी इसे नहीं देख पा रहे हैं। फिल्म 14 मई से इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम हो रही है, जबकि भारतीय दर्शकों को इसके लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के डिजिटल राइट्स भारत में जियोहॉटस्टार (JioHotstar) के पास हैं। इसी वजह से भारत में यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध नहीं कराई गई है। मेकर्स ने अब पुष्टि की है कि फिल्म भारत में 5 जून से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी, जबकि 4 जून को इसका ग्रैंड डिजिटल प्रीमियर रखा जाएगा।
फिल्म का खास ‘रॉ एंड अनदेखा’ वर्जन भी रिलीज किया जाएगा, जिसमें थिएटर में नहीं दिखाए गए कई एक्स्ट्रा और अनकट सीन्स शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि यह वर्जन करीब 3 घंटे 52 मिनट लंबा होगा और इसमें कई नए एक्शन और इमोशनल सीन जोड़े गए हैं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1800 करोड़ रुपये का कारोबार किया और साल 2026 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही थी। कई दर्शक नेटफ्लिक्स पर फिल्म सर्च कर रहे थे, लेकिन भारत में यह उपलब्ध नहीं होने से फैंस निराश नजर आए। अब जियोहॉटस्टार की आधिकारिक घोषणा के बाद भारतीय दर्शकों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है।