मोहनलाल को फाल्के सम्मान, शाहरुख-रानी को नेशनल अवॉर्ड

इस बार शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला। शाहरुख को यह अवॉर्ड फिल्म जवान और विक्रांत को 12th फेल के लिए मिला।

  • Written By:
  • Publish Date - September 23, 2025 / 07:23 PM IST

नई दिल्ली: 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह (national film awards) का आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ। इस समारोह में सिनेमा के दिग्गजों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

मलयाली सुपरस्टार मोहनलाल को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। मोहनलाल को यह अवॉर्ड भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए मिला। उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला। सम्मान लेते हुए मोहनलाल ने कहा कि सिनेमा उनकी आत्मा की धड़कन है और यह पल उनके लिए बेहद भावुक, गौरवपूर्ण और जादुई है।

इस बार शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला। शाहरुख को यह अवॉर्ड फिल्म जवान और विक्रांत को 12th फेल के लिए मिला। यह दोनों का पहला नेशनल अवॉर्ड है। अवॉर्ड लेते समय शाहरुख भावुक नजर आए।

रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। यह उनके करियर का भी पहला नेशनल अवॉर्ड है।

मलयाली एक्ट्रेस उर्वशी को फिल्म ओलूझुक्कू के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जो उन्होंने गुजराती फिल्म वश की एक्ट्रेस जानकी बोड़ीवाला के साथ साझा किया।

फिल्म जवान के गाने चलेया के लिए शिल्पा राव को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला। वहीं रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे के लिए कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट को बेस्ट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड दिया गया।

बेस्ट हिंदी फिल्म का अवॉर्ड कटहल को मिला, जिसमें सान्या मल्होत्रा ने लीड रोल निभाया था। डायरेक्टर यशोवर्धन मिश्रा ने अवॉर्ड प्राप्त किया।