कांग्रेस नेता की ‘गाय को राष्ट्रीय पशु’ मांग को भाजपा विधायक का समर्थन
By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2025 | 5:30 pm

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है। इस मांग का समर्थन भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा (Rameshwar Sharma) ने करते हुए कांग्रेस पर सवाल भी खड़े कर दिए। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह मांग पूरी तरह जायज है और पीसी शर्मा को इसके लिए बधाई मिलनी चाहिए।
हालांकि उन्होंने यह भी पूछा कि जब यही मांग करपात्री महाराज ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सामने रखी थी, तब कांग्रेस ने इसे क्यों नहीं माना। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय साधु-संतों पर गोली चलाई गई और कांग्रेस के नेता चुप रहे। रामेश्वर शर्मा ने कहा, “अगर पीसी शर्मा तब आवाज उठाते, तो उनका आज का बयान और ज्यादा असरदार होता। खैर, देर आए दुरुस्त आए। कसाइयों से दूर रहिए, गाय राष्ट्रीय पशु जरूर बनेगी।”
वहीं कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान पर भी रामेश्वर शर्मा ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बैठकों में झगड़े, कपड़े फटना और लूट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को लगता है कि पार्टी अब भी जिंदा है। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास और वर्तमान को गुंडागर्दी से भरा बताते हुए कहा कि यह प्रवृत्ति उनकी पार्टी में पहले से रही है।
विधायक शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में जो सृजन अभियान चल रहा है, वह अंततः कांग्रेस के ‘विसर्जन’ में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि चाहे राहुल गांधी हों या जीतू पटवारी, कांग्रेस की दुर्गति थी, है और आगे भी रहेगी।