सीएम शिवराज ने दी 1 हजार 371 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, पढि़ए विकास कार्यों का सफरनामा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पीथमपुर मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं रोजगार देने वाली राजधानी बन गया है।

  • Written By:
  • Publish Date - November 5, 2022 / 03:17 PM IST

3 लाख 99 हजार युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ने 2577 करोड़ की ऋण राशि का वितरण

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पीथमपुर मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं रोजगार देने वाली राजधानी बन गया है। यहां बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित हुए हैं और उद्योगों के लिये निवेश आने का क्रम जारी है। यहां बेटियों के लिये अलग से महिला उद्यमी पार्क बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान पीथमपुर में रोजगार दिवस और एक जिला-एक उत्पाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1371 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी और 3 लाख 19अ हजार युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ने के लिये 2577 करोड़ रुपए की ऋण राशि का वितरण किया। साथ ही महाराणा प्रताप और शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमी पार्क का भूमि-पूजन कर 21 महिला उद्यमियों को भूमि आवंटन-पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सांस्कृतिक मूल्यों की स्थापना के लिये सांस्कृतिक पुनरुत्थान के कार्य शुरू हो गये हैं। वाग्देवी की प्रतिमा, जो इस समय इंगलैंड में है, को पुन: मध्यप्रदेश लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उज्जैन में श्री महाकाल लोक बनाया गया है। ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना का कार्य चल रहा है।

अगले एक वर्ष में एक लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की जायेगी

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्व-रोजगार देने के लिये रात-दिन एक कर रही है। अगले एक वर्ष में एक लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की जायेगी। नवम्बर माह में 40 हजार रिक्त पदों में भर्ती के लिये विज्ञापन जारी हो जायेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पीथमपुर में 1100 एमएसएमई इकाइयों में 12 हजार 777 करोड़ रुपए का निवेश है और 38 हजार 770 लोगों को रोजगार मिला है। यहां 95 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। जिसमें 26 हजार 320 करोड़ रुपए का निवेश है और 53 हजार 493 लोगों को रोजगार मिला है। इस तरह से कुल एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। पीथमपुर के फार्मा सेक्टर ने दुनियाभर को कोविड में दवाएँ पहुँचा कर अद्भुत काम किया है।

उद्योगों की स्थापना के लिए किसानों से लेंगे जमीनें

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसान भाइयों से जमीन लेकर 12 हजार 500 हेक्टेयर में नया निवेश क्षेत्र स्थापित किया जायेगा, जिसमें एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। पीथमपुर अद्भुत औद्योगिक क्षेत्र है। यहां औद्योगिक इकाइयाँ लगातार निवेश करती जा रही हैं। यहाँ के औद्योगिक उत्पादों का 11 हजार करोड़ रुपए का निर्यात विभिन्न देशों में किया जाता है। कहा कि पीथमपुर में सड़कों के निर्माण के लिये 15 करोड़ रुपए दिये जाएंगे। यहाँ राजस्व अनुभाग बना कर स्थाई रूप से एसडीएम कार्यालय स्थापित किया जायेगा। पीथमपुर अस्पताल का सिविल अस्पताल में उन्नयन किया जायेगा। स्थानीय जन-प्रतिनिधियों द्वारा की गई क्षेत्रीय विकास की गई माँगों को भी पूरा किया जायेगा।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अफसर रहे मौजूद

कार्यक्रम में धार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सांसद छतर सिंह दरबार, विधायकगण, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन संजय शुक्ला, लघु, सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम पी. नरहरि अन्य जन-प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में युवा एवं महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहे।