किशोर दा की समाधि पर रचाई शादी, संगीत प्रेमी जोड़े ने डाली वरमाला

जोड़े के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि दोनों ने खुद इस जगह को चुना और सभी ने इसका समर्थन किया।

  • Written By:
  • Updated On - October 14, 2025 / 09:08 PM IST

खंडवा : खंडवा में किशोर कुमार (Kishore Kumar) की समाधि पर सोमवार को एक अनोखा और भावुक क्षण देखने को मिला। नागपुर से आए एक प्रेमी जोड़े ने बॉलीवुड के महान गायक किशोर कुमार को साक्षी मानकर उनके स्मारक स्थल पर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह बंधन में बंध गए।

प्रेमी जोड़े ने बताया कि वे किशोर कुमार को भगवान की तरह मानते हैं। जैसे लोग मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर विवाह करते हैं, वैसे ही उन्होंने किशोर दा की समाधि पर मत्था टेककर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। यह विवाह किशोर दा की 13 अक्टूबर को पुण्यतिथि के दिन हुआ, जब देशभर से उनके चाहने वाले श्रद्धांजलि देने खंडवा आते हैं।

यह पहला मौका है जब किसी कलाकार की समाधि पर उसे साक्षी मानकर शादी रचाई गई है।

खुद को बताया जबरदस्त फैन

दूल्हे मनीष ने कहा कि वो किशोर कुमार के जबरदस्त फैन हैं और पहले भी कई बार उनकी समाधि पर आ चुके हैं। इसलिए उन्होंने अपने नए जीवन की शुरुआत भी अपने आदर्श और प्रेरणा स्रोत किशोर दा के स्मारक से करने का फैसला किया।

परिजनों की सहमति

जोड़े के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि दोनों ने खुद इस जगह को चुना और सभी ने इसका समर्थन किया। परिजनों का कहना था कि किशोर कुमार के गीतों में जिंदगी की झलक है, और उन्हीं से प्रेरित होकर यह कदम उठाया गया। सभी परिजन इस पल के साक्षी बनकर खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं।