“जो खुद को तीस मारखां समझेगा… उसकी ऐसी-तैसी करूंगा”, ग्वालियर के नए DIG डॉ. असित यादव का बयान वायरल

दरअसल, भिंड में आयोजित विदाई समारोह में डॉ. असित यादव ने मंच से कहा, “ग्वालियर में अपने स्टेनो से पूछूंगा कि कौन अपने आपको तीस मारखां समझता है… उसका नाम बताना, उसकी मैं सबसे ज्यादा ऐसी-तैसी करूंगा।”

  • Written By:
  • Publish Date - May 8, 2026 / 07:52 PM IST

भिंड, मध्य प्रदेश : भिंड के पूर्व एसपी और ग्वालियर के नए डीआईजी (DIG) बनाए गए आईपीएस (IPS) अधिकारी डॉ. असित यादव एक बार फिर अपने वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में डॉ. असित यादव विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए विवादित बयान देते नजर आ रहे हैं। उनके बयान के बाद पुलिस महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा तेज हो गई है।

दरअसल, भिंड में आयोजित विदाई समारोह में डॉ. असित यादव ने मंच से कहा, “ग्वालियर में अपने स्टेनो से पूछूंगा कि कौन अपने आपको तीस मारखां समझता है… उसका नाम बताना, उसकी मैं सबसे ज्यादा ऐसी-तैसी करूंगा।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम भिंड शहर के एक होटल में आयोजित किया गया था, जहां जिले के कई टीआई, डीएसपी, एसडीओपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान डॉ. असित यादव ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस अधिकारी को अपने बारे में गलतफहमी होगी, सबसे पहले उसी पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि चाहे टीआई हो, डीएसपी हो, एएसपी हो या एसपी, किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।

वीडियो में डॉ. असित यादव भावुक होते भी नजर आए। मंच पर भाषण देते समय वह आंसू पोंछते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे उनके भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ रहे हैं, जबकि कई लोग एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।

इससे पहले भी डॉ. असित यादव का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विदाई समारोह के दौरान “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” गाने पर पुलिस अधिकारी उनके साथ जश्न मनाते दिखाई दिए थे। उस वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी बहस हुई थी।

फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर डॉ. असित यादव या पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि भिंड से लेकर ग्वालियर तक इस मामले की चर्चा लगातार जारी है और सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।