जबलपुर: स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस बार स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में नगर निगम जबलपुर (Jabalpur) ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार दूसरी बार है जब जबलपुर ने इस सम्मान को अपने नाम किया है। दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय समारोह में इस सर्वेक्षण के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें जबलपुर ने 199 अंक हासिल किए।
स्वच्छ वायु में जबलपुर की इस सफलता पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त प्रीति यादव को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा और मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि के साथ नगर निगम को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली, जो कि भारत सरकार की नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम योजना के तहत दी गई है।
इस सफलता ने न केवल जबलपुर बल्कि प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश के PWD मंत्री राकेश सिंह ने सोशल मीडिया पर जबलपुर और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “इंदौर के साथ जबलपुर ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया।” मंत्री ने यह भी कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में इंदौर ने 200 अंक में से 200 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जबलपुर ने 199 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इस जीत से साफ है कि जबलपुर ने न केवल स्वच्छता में, बल्कि अब वायु गुणवत्ता में भी उत्कृष्टता साबित की है। इस सम्मान ने नगर निगम के कामकाज की गुणवत्ता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को उजागर किया है।