उज्जैन, 28 फरवरी: मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर (Ujjain Mahakaleshwar Jyotirlinga Temple) के लड्डू प्रसाद (Mahakal Laddu Prasad) पर एक इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए सवाल उठाना कंटेंट क्रिएटर रोशन यादव (Roshan Yadav) के लिए महंगा पड़ गया है। वीडियो में रोशन ने दावा किया था कि महाकाल के लड्डू खराब हैं और इन्हें खाने से एक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद महाकाल मंदिर समिति ने इसे भ्रामक प्रचार मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रोशन यादव ने तीन दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (_roshan_yadav22) पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद के पैकेट में टूटे हुए लड्डू दिखाते हुए दावा कर रहे थे कि प्रसाद खाने से एक बच्ची की तबीयत खराब हो गई। वीडियो के वायरल होते ही महाकाल मंदिर समिति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महाकाल थाने में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
मंदिर समिति ने पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा कि वायरल वीडियो में लड्डू की गुणवत्ता पर झूठे सवाल उठाए गए हैं और यह प्रचार प्रसाद के टूटे होने तथा स्वास्थ्य खराब होने को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। समिति का कहना है कि इससे मंदिर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और इसलिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
मंदिर प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि महाकाल के लड्डू प्रसाद निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए जाते हैं। ये लड्डू चने की दाल, रागी (मिलेट), गुड़ और शुद्ध घी से बनाए जाते हैं, जो शुगर-फ्री होते हैं और कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होते हैं। यह प्रसाद पूर्ण स्वच्छता और उच्च मानकों के तहत तैयार किया जाता है, जिसे हर दिन हजारों श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ ग्रहण करते हैं।
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, और अब आरोपी रोशन यादव को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा।