MP कृषि विभाग में 8 हजार से ज्यादा पद खाली, जीतू पटवारी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषि कल्याण वर्ष’ घोषित किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर विभागीय ढांचा कमजोर होने के कारण यह घोषणा केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 5, 2026 / 04:09 PM IST

भोपाल, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को पत्र लिखकर राज्य के कृषि विभाग (Agriculture Department) में हजारों खाली पदों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान राज्य मध्य प्रदेश में विभाग की स्थिति गंभीर हो चुकी है और भारी स्टाफ कमी (Staff Shortage) के कारण किसान परेशान हो रहे हैं।

पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि कृषि विभाग में 14,500 से अधिक स्वीकृत पद हैं, लेकिन इनमें से करीब 8,500 पद अभी भी खाली पड़े हैं। यानी विभाग का लगभग 60 प्रतिशत अमला उपलब्ध नहीं है। उनका कहना है कि जब इतनी बड़ी संख्या में पद खाली हैं तो किसानों की समस्याओं का समाधान और योजनाओं का सही क्रियान्वयन करना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषि कल्याण वर्ष’ घोषित किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर विभागीय ढांचा कमजोर होने के कारण यह घोषणा केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। पटवारी के अनुसार जब विभाग में पर्याप्त अधिकारी और कर्मचारी ही नहीं होंगे तो किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने अपने पत्र में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौहान लंबे समय तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और यदि उस दौरान कृषि तंत्र को मजबूत किया गया होता तो आज विभाग में इतनी बड़ी संख्या में पद खाली नहीं होते।

पटवारी ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि कृषि विभाग और उससे जुड़े अन्य विभागों में खाली पदों की तत्काल समीक्षा कराई जाए और राज्य सरकार को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि यदि विभाग को मजबूत नहीं किया गया तो किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना मुश्किल होगा।