एमपी विधानसभा में गूंजा गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने का मुद्दा कांग्रेस विधायक आतिफ अकील की मांग
By : hashtagu, Last Updated : February 17, 2026 | 2:50 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 17, 2026 | 2:50 pm
MP Assembly: मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026 के दौरान गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठी। कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए केंद्र और राज्य सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की पहल करने की मांग की।
विधानसभा में बोलते हुए आतिफ अकील ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और वे भी इसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने चमड़े के व्यापार को पूरी तरह बंद करने की मांग भी की।
विधायक ने कहा कि यदि किसी गाय की मृत्यु होती है तो उसका अंतिम संस्कार भी सम्मान के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे इस तरह की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आतिफ अकील ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।
बजट सत्र के दौरान उठे इस मुद्दे पर सदन में राजनीतिक बहस की स्थिति बन गई। हालांकि सरकार की ओर से इस मांग पर क्या प्रतिक्रिया दी गई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि देश में वर्तमान में राष्ट्रीय पशु का दर्जा बाघ को प्राप्त है, लेकिन समय समय पर अलग अलग राज्यों में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठती रही है।