एमपी बीजेपी में नई कार्यसमिति को लेकर मंथन तेज, ओरछा बैठक से पहले नेताओं की धड़कनें बढ़ीं

सूत्रों के मुताबिक इस बार प्रदेश कार्यसमिति में सदस्यों की संख्या करीब 106 तक सीमित रखने की तैयारी है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 8, 2026 / 12:19 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी (MP BJP) में नई प्रदेश कार्यसमिति के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी की पहली बड़ी बैठक ओरछा में राम राजा सरकार के दरबार में आयोजित की जाएगी, लेकिन उससे पहले संगठन के भीतर नामों को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल (Hemant Khandelwal) नई कार्यसमिति का आकार छोटा रखने के पक्ष में हैं, जिसके चलते नेताओं के बीच जगह बनाने की होड़ तेज हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक इस बार प्रदेश कार्यसमिति में सदस्यों की संख्या करीब 106 तक सीमित रखने की तैयारी है। वहीं विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या भी कुल का लगभग 30 प्रतिशत तक रखने पर विचार किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि छोटी और चुस्त टीम संगठन को ज्यादा प्रभावी बनाएगी।

बीजेपी की पिछली कार्यसमिति काफी बड़ी थी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के कार्यकाल में कार्यसमिति, स्थायी आमंत्रित और विशेष आमंत्रित सदस्यों को मिलाकर कुल संख्या 463 तक पहुंच गई थी। अब पार्टी इस बड़े ढांचे को कम कर संगठन को ज्यादा संतुलित और सक्रिय स्वरूप देने की तैयारी में है।

प्रदेश में बीजेपी के 62 संगठनात्मक जिले हैं, लेकिन सीमित सीटों के कारण हर जिले और सामाजिक वर्ग को प्रतिनिधित्व देना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पार्टी इस बार क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण और महिला भागीदारी पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी वजह से सूची तैयार करने में देरी हो रही है और कई दावेदारों की बेचैनी बढ़ गई है।

बीजेपी के अंदर चल रही इस कवायद पर कांग्रेस ने भी निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है और संगठन के भीतर खींचतान चल रही है। हालांकि बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पार्टी एक कैडर बेस्ड संगठन है और जल्द ही संतुलित कार्यसमिति की घोषणा कर दी जाएगी।

नई कार्यसमिति की घोषणा के बाद पहली बैठक ओरछा में होगी, जिसे संगठनात्मक और राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी इस बैठक के जरिए कार्यकर्ताओं और नेताओं को एकजुटता और अनुशासन का संदेश देना चाहती है। फिलहाल प्रदेश बीजेपी में सभी की नजरें नई सूची पर टिकी हैं कि किसे जगह मिलेगी और कौन बाहर रहेगा।