मुंबई। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी (Devisha Shetty) के घर खुशियों ने दस्तक दी है। गुरुवार को देविशा ने एक बेटी (Baby Girl) को जन्म दिया। पिता बनने की खबर सामने आते ही क्रिकेट जगत और फैंस ने सूर्यकुमार यादव को सोशल मीडिया पर जमकर बधाई दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार इस खास मौके पर परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और इसी वजह से वे मुंबई इंडियंस के साथ रायपुर नहीं गए।
मुंबई इंडियंस को 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है। ऐसे में माना जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव इस मैच से बाहर रह सकते हैं। हालांकि फ्रेंचाइजी या खिलाड़ी की ओर से अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूर्यकुमार यादव और देविशा शेट्टी की लव स्टोरी भी काफी चर्चित रही है। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी। कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने साल 2016 में शादी की थी। देविशा अक्सर स्टेडियम में सूर्यकुमार और टीम इंडिया को सपोर्ट करती नजर आती हैं।
सूर्यकुमार यादव मौजूदा समय में भारतीय टी20 टीम के कप्तान हैं और दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन इस बीच पिता बनने की खुशी ने उनके परिवार में जश्न का माहौल बना दिया है।