इंदौर/अशोकनगर, मध्य प्रदेश:
मध्य प्रदेश में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम पर रंगदारी (Extortion) मांगने के दो मामलों से हड़कंप मच गया है। बीते 48 घंटों में अशोकनगर और इंदौर के दो नामी कारोबारियों को फोन कर 5 करोड़ रुपये की फिरौती (Ransom) देने की धमकी दी गई है।
ताजा मामला इंदौर से सामने आया है, जहां शहर के एक बड़े अस्पताल संचालक के बेटे और एक व्यापारी को फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताने वाले व्यक्ति ने 5 करोड़ रुपये की मांग की। गुरुवार को आए इस धमकी भरे कॉल के बाद व्यापारी ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इससे एक दिन पहले अशोकनगर जिले के एक नामी व्यापारी को इंटरनेशनल वॉयस कॉल के जरिए धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य और “हरी बॉक्सर” बताया। व्यापारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल कॉल डिटेल खंगाल रही है।
इंदौर में व्यापारी ने किशनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। धमकी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने व्यापारी के घर और अस्पताल परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और कॉल की लोकेशन व तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।
