भाजपा की अगली सूची में भी होंगे दिग्गज के नाम !

राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची सभी को चौंकाने वाली रही है। दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्री के साथ सात सांसदों के नाम हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - September 27, 2023 / 09:51 PM IST

भोपाल, 27 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भाजपा (MP BJP) अब तक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीन सूची जारी कर चुकी है। अब सब की नजर अगली सूची पर है। सभी को लगता है कि अगली सूची में भी दिग्गजों के नाम आ सकते हैं।

राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची सभी को चौंकाने वाली रही है। दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्री के साथ सात सांसदों के नाम हैं। संभावना इस बात की जताई जा रही है कि भाजपा की अगली सूची भी जल्दी आ जाएगी।

सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या अगली सूची में पूर्व सीएम उमा भारती, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया या वीरेंद्र कुमार का नाम होगा। इसकी वजह भी है, क्योंकि भाजपा ने अपनी दूसरी सूची में राष्ट्रीय राजनीति के दिग्गजों में शामिल केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रल्हाद पटेल, फग्गन कुलस्ते के अलावा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को शामिल किया है।

राज्य की राजनीति में जिन दिग्गजों का दखल है, उनमें से अधिकांश को भाजपा ने दूसरी सूची में लाकर बतौर विधानसभा का उम्मीदवार बना दिया है, इसीलिए संभावना इस बात की जताई जा रही है कि आने वाली सूची में भी दिग्गजों के नाम होंगे।