मध्य प्रदेश के मत्स्य विभाग को राष्ट्रीय पुरस्कार

मध्य प्रदेश में मत्स्य पालन के क्षेत्र में किए गए खास काम के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

  • Written By:
  • Publish Date - November 22, 2022 / 09:25 PM IST

भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में मत्स्य पालन के क्षेत्र में किए गए खास काम के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्र शासित दमन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय सचिव मत्स्य विभाग जितेंद्र नाथ साईं ने मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ के एमडी पुरूषोत्तम धीमान और जल संसाधन मंत्री के ओएसडी जीवन रजक को पांच लाख के पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।

महासंघ के एमडी धीमान ने बताया की मत्स्य महासंघ द्वारा अपने व्यवसाय से अर्जित शुद्ध लाभ का लगभग 50 प्रतिशत भाग मछुओं के कल्याणार्थ व्यय किया जाता है। इस कार्य हेतु मत्स्य महासंघ द्वारा कई मछुआ कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि मत्स्य पालकों का दुर्घटना बीमा योजना,बचत सह राहत योजना,आजीविका सहयोग योजना, जलदीप योजना, नाव – जाल अनुदान योजना, मुख्यमंत्री मीनाक्षी कन्या विवाह योजना, निषादराज छात्रवृत्ति योजना, गंभीर बीमारी योजना,शिक्षा प्रोत्साहन योजना, प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, अनुग्रह योजना और मछुआ प्रशिक्षण योजना शामिल हैं।

मंत्री सिलावट ने इस विशेष उपलब्धि के लिए मत्स्य महासंघ की सभी मछुआ सोसाइटी और मछुआरों को बधाई और शुभकामनाएं भी दी हैं।

मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ के काम को दूसरे राज्य से भी सराहना मिल रही है। राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड हैदराबाद ने मप्र के मत्स्य पालन काम की सराहना करते हुए कहा,एक हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के बांधो, नदियों और तालाब में मछली उत्पादन के बेहतर प्रबंधन और उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी के लिए महासंघ के कार्यों और नवाचारों की प्रशंसा की है।

मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार बेहतर काम किया जा रहा है इसके लिए मछुआ सोसाइटी से लगातार संवाद करने के साथ ही मछुआ परिवारों की मदद के लिए अनेक कल्याणकारी योजना चलाई जा रही है।