राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ओंकारेश्वर दौरे से बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 19 जून तक कई मार्ग डायवर्ट, श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून को इंदौर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर मंदिर में दर्शन एवं आरती करेंगी।

  • Written By:
  • Publish Date - June 18, 2026 / 02:27 PM IST

खंडवा (मध्य प्रदेश): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के ओंकारेश्वर दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात (Traffic) व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। राष्ट्रपति 18 और 19 जून को ओंकारेश्वर प्रवास पर रहेंगी। उनके दौरे को देखते हुए ओंकारेश्वर, इंदौर और खंडवा से जुड़े कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट (Diversion) किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से जारी नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून को इंदौर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर मंदिर में दर्शन एवं आरती करेंगी। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में होगा। 19 जून को वह सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इंदौर के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए 17 जून से 19 जून तक दोपहर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों का रूट बदला गया है। इंदौर से खंडवा जाने वाले भारी वाहन तेजाजी नगर, महू, मानपुर, धामनोद, खरगोन, भीकनगांव और देशगांव होते हुए खंडवा पहुंचेंगे। वहीं कुछ वाहनों को सिमरोल, मंडलेश्वर, कसरावद और खरगोन मार्ग से भेजा जाएगा। खंडवा से इंदौर आने वाले भारी वाहन भी बदले हुए मार्गों से गुजरेंगे।

ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। इंदौर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़वाह, मोरटक्का और सनावद मार्ग से ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा ताम्रकार पार्किंग तक भेजा जाएगा। खंडवा और मूंदी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। पार्किंग स्थल से श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक जाना होगा।

खंडवा और इंदौर की ओर से आने वाली बसों को मोरटक्का में रोका जाएगा। यहां से यात्रियों को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए स्थानीय परिवहन के माध्यम से ओंकारेश्वर पहुंचाया जाएगा। कई बस रूटों को सनावद और इन्पुन मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है।

सुरक्षा कारणों से 18 जून को दोपहर 3 बजे के बाद ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिर में आम श्रद्धालुओं और वीआईपी दर्शन पर रोक रहेगी। इस अवधि के लिए वीआईपी टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई है। राष्ट्रपति के काफिले के दौरान कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे ओंकारेश्वर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने 17 से 19 जून तक क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया है। कार्यक्रम स्थलों पर बैग, पानी की बोतल, सिक्के, पेन और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को ले जाने पर रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।