उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती के दौरान बवाल, पुजारी पर महिला और बेटी पर पीतल की आरती से हमला करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ रामघाट पर फूल, पत्ती और दीपक बेचने का काम करती हैं।

  • Written By:
  • Updated On - July 1, 2026 / 02:53 PM IST

उज्जैन। उज्जैन के प्रसिद्ध रामघाट पर शिप्रा आरती (Shipra Aarti) के दौरान रविवार शाम बड़ा विवाद हो गया। फूल, पत्ती और दीपक (Flower and Lamp) बेचने वाली महिला और आरती (Aarti) करने वाले पुजारी के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। महिला पक्ष का आरोप है कि पुजारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला, उसकी बेटी और एक अन्य बालिका पर पीतल की आरती (Brass Aarti Lamp) से हमला कर दिया। घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ रामघाट पर फूल, पत्ती और दीपक बेचने का काम करती हैं। रविवार शाम भी दोनों रामघाट पर मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान शिप्रा आरती करने वाले पुजारी गणेश शर्मा ने उन्हें वहां सामान बेचने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

महिला पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गणेश शर्मा ने अपने भाई विकास और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि पीतल की आरती से किए गए हमले में उमा यादव, उनकी मां ममता परमार और शिप्रा नाम की एक बालिका घायल हो गई। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

वहीं, पुजारी गणेश शर्मा ने भी महिला पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के दौरान उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।