क्या ‘कल्कि 2898 एडी 2’ में होगी आलिया भट्ट की एंट्री? प्रभास के एक पोस्ट से तेज हुई चर्चाएं

प्रभास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 'अल्फा' का ट्रेलर साझा करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और ट्रेलर की जमकर तारीफ की।

  • Written By:
  • Publish Date - July 1, 2026 / 02:00 PM IST

हैदराबाद। आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की आगामी फिल्म अल्फा (Alpha) के ट्रेलर (Trailer) को लेकर अभिनेता प्रभास (Prabhas) की तारीफ के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या आलिया भट्ट फिल्म कल्कि 2898 एडी 2 (Kalki 2898 AD Part 2) का हिस्सा बनने जा रही हैं। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं या आलिया भट्ट की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रभास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘अल्फा’ का ट्रेलर साझा करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और ट्रेलर की जमकर तारीफ की। इसके बाद फैंस ने उनके पोस्ट को ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल से जोड़ना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि प्रभास का यह पोस्ट आलिया के साथ संभावित सहयोग की ओर इशारा हो सकता है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि आलिया भट्ट निर्देशक नाग अश्विन की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ में अहम भूमिका निभा सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग भी पूरी कर ली है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर आलिया फिल्म का हिस्सा बनती हैं तो उनका किरदार दीपिका पादुकोण के किरदार की जगह नहीं लेगा, बल्कि वह कहानी में एक नया और महत्वपूर्ण रोल निभाएंगी। हालांकि फिल्म की टीम ने इस पूरे मामले पर अभी तक चुप्पी साध रखी है।

फिलहाल आलिया भट्ट अपनी स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। वहीं ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ को लेकर भी दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। ऐसे में फैंस अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।