WPL 2026: यूपी वॉरियर्स ने बुंदेलखंड की क्रांति गौड़ को 50 लाख में खरीदा, क्लास बंक कर पुलिस के साथ खेला करती थीं क्रिकेट

By : ira saxena, Last Updated : November 29, 2025 | 3:42 pm

छतरपुर, मध्य प्रदेश : विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की मेगा नीलामी में मध्य प्रदेश की कुल 12 महिला खिलाड़ी शामिल हुईं, जिनमें छतरपुर की घुवारा की बेटी क्रांति गौड़ (Kranti Goud) को यूपी वॉरियर्स ने 50 लाख रुपए में RTM कार्ड का इस्तेमाल कर अपने पास रखा। क्रांति गौड़ ने महिला वर्ल्ड कप में आठ मुकाबलों में नौ विकेट लिए थे, जिससे उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा गया था और उन्हें एक करोड़ रुपए से अधिक की बोली मिलने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन 50 लाख से आगे कोई बोली नहीं बढ़ी।

क्रांति गौड़ की छोटी बहन जिया ने बताया कि क्रांति अपने माता-पिता और भाई के साथ विदिशा गई हुई हैं और बाद में बड़ी बहन से मिलने भी जाएंगी। उनके शिक्षक बीएल प्रजापति ने बताया कि क्रांति ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल घुवारा से 2017-2018 में नौवीं कक्षा पास की थी। पढ़ाई में वह सामान्य थीं, लेकिन खेल में उनकी विशेष रुचि थी।

उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए स्कूल ने उनकी किताबें और फीस माफ कर दी थी। प्रजापति ने बताया कि क्रांति स्कूल में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती थीं और कभी-कभी क्लास बंक करके घुवारा चौकी में पुलिसकर्मियों के साथ क्रिकेट खेलने जाती थीं। उन्होंने स्कूल का नाम रोशन किया और यहां क्रिकेट टीम भी बनाई।

क्रांति ने बताया कि इंग्लैंड में चयन न होने के बाद वह स्कूल के बच्चों को भी क्रिकेट सिखाती थीं। जबलपुर में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया और एक करोड़ रुपए का चेक भी दिया गया। क्रांति ने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ के सामने अपने प्रदेश में बुलाए जाने पर वह आभारी हैं और माता-पिता के साथ मंच पर सम्मानित होने पर गर्व महसूस कर रही हैं।