दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI887 को सोमवार सुबह टेकऑफ के कुछ समय बाद ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान के दाएं इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई जब ऑयल प्रेशर अचानक गिरते हुए शून्य पर पहुंच गया। विमान में करीब 335 से अधिक यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।
जानकारी के मुताबिक उड़ान के लगभग एक घंटे बाद जब विमान सामान्य ऊंचाई पर पहुंच रहा था और फ्लैप रिट्रैक्शन की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान कॉकपिट में दाएं इंजन के ऑयल प्रेशर में असामान्य गिरावट दर्ज की गई। स्थिति को गंभीर मानते हुए पायलटों ने तय प्रक्रिया के तहत संबंधित इंजन को बंद किया और विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला लिया।
पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले के चलते विमान ने सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयर इंडिया की ओर से बताया गया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी समस्या सामने आने पर विमान को वापस लाना पूरी तरह से एहतियाती कदम था। विमान को फिलहाल जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है और तकनीकी टीम इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है।
एयरलाइन ने यह भी कहा है कि प्रभावित यात्रियों को मुंबई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों और अन्य व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है। यात्रियों को असुविधा के लिए खेद जताया गया है।
यह घटना एक बार फिर विमानन सुरक्षा और तकनीकी सतर्कता की अहमियत को रेखांकित करती है, जहां समय पर लिया गया निर्णय किसी बड़े हादसे को टाल सकता है।