मुंबई: मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai airport) पर सोमवार सुबह एअर इंडिया का AI2744 विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। यह विमान कोच्चि से मुंबई आ रहा था। भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान रनवे से करीब 16-17 मीटर दूर घास पर चला गया। यह हादसा सुबह 9:27 बजे हुआ।
तस्वीरों में यह देखा गया कि विमान के दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद विमान को पार्किंग क्षेत्र में लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतारा गया। इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए थे, लेकिन एअर इंडिया ने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई।
हादसे के बाद मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे, 09/27, क्षतिग्रस्त हो गया। रनवे पर फ्लाइट्स की आवाजाही रोक दी गई है। साथ ही, रनवे किनारे तीन साइनेज बोर्ड और चार लाइटें भी टूट गईं। इस घटना की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम मुंबई एयरपोर्ट पहुंची है। एअर इंडिया के अनुसार, विमान की जांच अभी जारी है और दोनों पायलटों को हटा दिया गया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन्स चालू रखने के लिए दूसरा रनवे, 14/32, शुरू कर दिया गया है। मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक है और यहां दो रनवे हैं।
मुंबई में बारिश से सड़कें जलमग्न:
मुंबई में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक भारी बारिश हुई, जिसके कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कें जलमग्न हो गईं और कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। बीएमसी के अनुसार, रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक मुंबई में औसतन 23.45 मिमी बारिश दर्ज की गई। ईस्ट मुंबई में 36.42 मिमी और वेस्ट मुंबई में 50.02 मिमी बारिश हुई।
