बंगाल में 91% और तमिलनाडु में 84% रिकॉर्ड वोटिंग, पहले फेज में हिंसा भी; ममता बोलीं- SIR के खिलाफ जनमत

मतदान के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि TMC का सूरज अब ढल चुका है।

  • Written By:
  • Publish Date - April 23, 2026 / 10:23 PM IST

कोलकाता (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल (West Bengal) और तमिलनाडु (Tamil Nadu) विधानसभा चुनाव (assembly elections) में गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर पर मतदान (voting) दर्ज किया गया। बंगाल की 294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले फेज में 91.46% मतदान हुआ, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 84.41% वोटिंग हुई, जो दोनों राज्यों के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा मतदान है।

चुनाव आयोग के अनुसार ये आंकड़े शाम 5 बजे तक के हैं और इनमें बदलाव संभव है। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि TMC का सूरज अब ढल चुका है।

इससे पहले 9 अप्रैल को असम, केरल और पुडुचेरी में भी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई थी। असम में 85.91%, पुडुचेरी में 90% और केरल में 1987 के बाद सबसे ज्यादा 78.27% मतदान हुआ था। पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को एक साथ घोषित किए जाएंगे।

बंगाल में मतदान के दौरान कई जगह हिंसा और झड़प की घटनाएं भी सामने आईं। दक्षिण मिदनापुर के कुमारगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जबकि उनके साथ सुरक्षा गार्ड भी मौजूद था। पश्चिम बर्धमान जिले के बर्नपुर में आसनसोल साउथ सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला हुआ, जिसमें गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कार पर पत्थर फेंके गए।

बीरभूम के बोधपुर गांव में EVM खराब होने के बाद लोगों ने पुलिस और केंद्रीय बलों पर पथराव किया और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए। मुर्शिदाबाद के नौदा में देर रात देसी बम से हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस दौरान AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर के पहुंचने पर उनके समर्थकों और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और पथराव हुआ, जिसे काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हुमायूं कबीर की गाड़ी पर भी हमला किया गया।

सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ, जो बाद में झड़प में बदल गया। सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। यहां भाजपा के शंकर घोष उम्मीदवार हैं।