दिल्ली में CJP के ‘संसद चलो’ प्रदर्शन पर बवाल, आंसू गैस-लाठीचार्ज के बीच जेपी नड्डा से हुई प्रतिनिधिमंडल की बैठक
By : hashtagu, Last Updated : July 20, 2026 | 5:53 pm
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की, आंसू गैस (Tear Gas) के गोले छोड़े और लाठीचार्ज (Lathi Charge) किया। इसके बाद केंद्र सरकार की पहल पर CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
बैठक में CJP प्रतिनिधियों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने, परीक्षा से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने और कथित परीक्षा दबाव के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती।
जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने की अपील की गई। हालांकि CJP नेताओं ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन आंदोलन वापस लेने का फैसला सरकार की ओर से ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही लिया जाएगा।
इससे पहले संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर टकराव हुआ। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया, जबकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। दूसरी ओर दिल्ली पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और कुछ स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी हुईं। वहीं CJP ने पुलिस पर बल प्रयोग के आरोप लगाए हैं।




