‘पीछे नहीं हटेंगे’, संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच CJP प्रदर्शनकारियों का ऐलान, दिल्ली में बढ़ा तनाव

By : hashtagu, Last Updated : July 20, 2026 | 4:05 pm

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान राजधानी दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे “पीछे नहीं हटेंगे” और अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है। हालांकि पुलिस और प्रदर्शनकारियों की ओर से घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं।

यह प्रदर्शन हाल के परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र और युवा दिल्ली पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

इसी बीच CJP के नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया है और संगठन के प्रतिनिधियों की केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात प्रस्तावित है। प्रदर्शनकारी इसे अपनी मांगों पर संवाद की शुरुआत मान रहे हैं, हालांकि उन्होंने आंदोलन वापस लेने से इनकार किया है।