विजयवाड़ा। आंध्र–ओडिशा बॉर्डर (AOB) पर बुधवार तड़के सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच एक और मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार 6 से 7 माओवादी मारे गए, जिनमें वरिष्ठ माओवादी नेता देवजी के भी शामिल होने की आशंका है। यह जानकारी इंटेलिजेंस के एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने दी।
एडीजी लड्डा ने बताया कि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से माओवादी लगातार आंध्र प्रदेश में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, जिसे देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई थी। 17 नवंबर को ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसके बाद 18 नवंबर की सुबह अल्लूरी सीताराम राजू जिले में हुई मुठभेड़ में सेंट्रल कमिटी मेंबर हिडमा और पांच अन्य माओवादी मारे गए थे।
उन्होंने बताया कि NTR, कृष्णा, एलुरु, काकीनाडा और कोनेसीमा जिलों में अब तक 50 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें स्पेशल जोनल कमिटी के तीन सदस्य और 23 प्लाटून सदस्य शामिल हैं। बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं।
एडीजी ने कहा कि सभी गिरफ्तारियां बिना किसी आम नागरिक को नुकसान पहुंचाए की गई हैं। साथ ही माओवादी कैडरों से अपील की गई कि वे अपनी सुरक्षा के लिए आत्मसमर्पण करें।