नई दिल्ली। दूरदर्शन की जानी-मानी और लोकप्रिय न्यूज एंकर सरला महेश्वरी (Sarla Maheshwari) का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सामने आते ही टीवी पत्रकारिता जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। सरला महेश्वरी अपनी शांत आवाज, सधे हुए उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति के लिए जानी जाती थीं।
उन्होंने लंबे समय तक दूरदर्शन पर समाचार वाचन किया और अपने पेशेवर अंदाज से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उनके समय को टीवी पत्रकारिता का स्वर्णिम दौर माना जाता है। दर्शक उन्हें एक विश्वसनीय और गंभीर समाचार वाचक के रूप में याद करते हैं।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार नई दिल्ली में किया जाएगा। सोशल मीडिया पर उनके सहयोगियों, पत्रकारों और दर्शकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके योगदान को याद किया है।
सरला महेश्वरी का जाना भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
