सीजफायर के बाद सोने-चांदी के दाम गिरे, फिर भी जल्द बना सकते हैं नया रिकॉर्ड

इस साल यानी 1 जनवरी 2025 से अब तक सोना ₹76,162 से बढ़कर ₹97,288 पर पहुंच चुका है, यानी 21,126 रुपए की तेजी आई है। वहीं चांदी ₹86,017 से बढ़कर ₹1,05,898 प्रति किलो हो चुकी है, यानी 19,881 रुपए का उछाल।

  • Written By:
  • Publish Date - June 24, 2025 / 02:32 PM IST

मुंबई। इजराइल-ईरान के बीच सीजफायर के बाद सोमवार 24 जून को भारतीय बाजार में सोने (gold prices) और चांदी के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹2,060 टूटकर ₹97,288 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले यह ₹99,348 के स्तर पर था।

इसी तरह चांदी की कीमत ₹1,165 गिरकर ₹1,05,898 प्रति किलो रह गई है, जो पहले ₹1,07,063 प्रति किलो थी। बीते 18 जून को चांदी ₹1,09,550 और सोना ₹99,454 के ऑल टाइम हाई पर पहुंच चुका था।

अब तक कितना बढ़ा है सोना और चांदी?
इस साल यानी 1 जनवरी 2025 से अब तक सोना ₹76,162 से बढ़कर ₹97,288 पर पहुंच चुका है, यानी 21,126 रुपए की तेजी आई है। वहीं चांदी ₹86,017 से बढ़कर ₹1,05,898 प्रति किलो हो चुकी है, यानी 19,881 रुपए का उछाल।

पिछले साल 2024 में सोना कुल ₹12,810 महंगा हुआ था।

आगे क्या हो सकते हैं दाम?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव अभी भी बरकरार हैं। इस वजह से सोने की डिमांड बनी रहेगी और कीमतों को सपोर्ट मिलेगा।

वे मानते हैं कि साल 2025 में सोना ₹1,03,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,30,000 प्रति किलो तक जा सकती है।

सोना खरीदते समय ध्यान रखें ये बात
सोना खरीदते समय हमेशा BIS (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) का हॉलमार्क वाला ही गोल्ड लें। इसमें 6 अंकों का HUID कोड होता है, जैसे – AZ4524। इसी से सोने की शुद्धता की पुष्टि होती है कि वह 22 कैरेट है या 24 कैरेट।