वेस्ट एशिया संकट: इंडिगो फ्लाइट हवा में लौटी

एयरलाइन ने बताया कि क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कुछ देशों ने अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग पर अचानक पाबंदियां लगा दीं।

  • Written By:
  • Publish Date - March 9, 2026 / 03:51 PM IST

नई दिल्ली: वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली से ब्रिटेन के मैनचेस्टर जा रही इंडिगो (IndiGo) की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान ही वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार आखिरी समय में लगाए गए एयरस्पेस प्रतिबंध (Airspace Restrictions) के कारण विमान को बीच रास्ते से यू-टर्न लेकर दिल्ली वापस आना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E-033 दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई थी। विमान करीब सात घंटे तक हवा में रहने के बाद अफ्रीका के पास इथियोपिया-एरिट्रिया सीमा के आसपास पहुंचा, लेकिन अचानक एयरस्पेस में प्रतिबंध लगने की सूचना मिलने पर उसे आगे जाने की अनुमति नहीं मिली और वापस लौटने का फैसला लिया गया।

एयरलाइन ने बताया कि क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कुछ देशों ने अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग पर अचानक पाबंदियां लगा दीं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को दिल्ली वापस लाया गया।

वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट प्रभावित हो रहे हैं। कई एयरलाइंस को अपने उड़ान मार्ग बदलने पड़ रहे हैं, जबकि कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ी हैं।

एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर क्षेत्र में तनाव जारी रहता है तो भारत और यूरोप के बीच उड़ानों के समय और मार्ग पर और असर पड़ सकता है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गई है।