केरल में राष्ट्रपति मुर्मू का हेलिकॉप्टर गड्ढे में फंसा, पुलिस-फायर कर्मियों ने धक्का मारकर निकाला
By : dineshakula, Last Updated : October 22, 2025 | 1:55 pm
तिरुवनंतपुरम: केरल (Kerala) दौरे पर आईं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ एक अप्रत्याशित घटना घटी जब उनका हेलिकॉप्टर पथानामथिट्टा जिले के राजीव गांधी स्टेडियम में लैंडिंग के दौरान गड्ढे में फंस गया।
भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर ने जैसे ही अस्थायी हेलीपैड पर लैंड किया, ज़मीन उसका भार सहन नहीं कर सकी और पहियों के नीचे की कच्ची कंक्रीट धंस गई। इससे हेलिकॉप्टर फंस गया।
हालात को संभालने के लिए मौके पर तैनात पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई और हेलिकॉप्टर को धक्का देकर बाहर निकाला। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
#WATCH | Kerala: A portion of the helipad tarmac sank in after a chopper carrying President Droupdi Murmu landed at Pramadam Stadium. Police and fire department personnel deployed at the spot physically pushed the helicopter out of the sunken spot. pic.twitter.com/QDmf28PqIb
— ANI (@ANI) October 22, 2025
मौसम ने बदली योजना, सबरीमाला की यात्रा रही निर्विघ्न
प्रारंभिक योजना के अनुसार हेलिकॉप्टर की लैंडिंग निलक्कल (पंबा के पास) में होनी थी, लेकिन खराब मौसम के चलते इसे प्रामदम में शिफ्ट कर दिया गया था।
हालांकि, इस तकनीकी रुकावट के बावजूद राष्ट्रपति मुर्मू ने किसी प्रकार की देरी नहीं की और सड़क मार्ग से सबरीमाला मंदिर की ओर रवाना हो गईं। वहां उन्होंने भगवान अय्यप्पा के दर्शन किए और इस मंदिर में दर्शन करने वाली पहली महिला राष्ट्रपति बन गईं।
केरल यात्रा का शेड्यूल
-
राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार शाम को चार दिवसीय दौरे पर तिरुवनंतपुरम पहुंचीं।
-
गुरुवार को वे राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी।
-
इसके बाद वर्कला के शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की समाधि शताब्दी के कार्यक्रम में भाग लेंगी।
-
कोट्टायम जिले के पाला स्थित सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह में भी शामिल होंगी।
-
24 अक्टूबर को कोचीन के सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी कार्यक्रम के साथ उनका केरल दौरा समाप्त होगा।




