इश्क की हद: बांग्लादेशी महिला ने सरहद लांघी, प्रेमी 3000 किमी दूर से पहुंचा… BSF ने भेजा जेल

By : hashtagu, Last Updated : July 11, 2025 | 10:16 pm

Cross Border Love: प्यार की कोई सरहद नहीं होती — यह कहावत एक बार फिर चरितार्थ हुई, जब बांग्लादेश की एक महिला ने अपने प्रेमी से मिलने के लिए भारत की सीमा अवैध रूप से पार कर ली। वहीं कर्नाटक का रहने वाला युवक 3000 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर त्रिपुरा बॉर्डर पर उससे मिलने पहुंच गया। लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत फिल्मी नहीं, कानूनी हुआ। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया और अब ये प्रेमी जोड़ा जेल में है।

बांग्लादेश के बोगरा जिले की रहने वाली 35 वर्षीय महिला बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में घुसी। पहले वह मुंबई और बेंगलुरु में काम कर चुकी थी, जहां उसकी मुलाकात कर्नाटक के बीदर जिले के रहने वाले दत्ता यादव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन महिला को एक समय के बाद बांग्लादेश लौटना पड़ा।

प्रेम को फिर से जीने की चाह में दोनों ने मिलकर योजना बनाई। महिला ने अवैध रूप से त्रिपुरा सीमा पार की और दत्ता यादव उसे लेने वहां पहुंच गया। वे साथ मिलकर बेंगलुरु लौटना चाहते थे। लेकिन BSF को उनकी योजना की भनक खुफिया सूत्रों से लग गई।

बीएसएफ ने गुरुवार को त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले में दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने महिला पर अवैध घुसपैठ और दत्ता यादव पर उसमें सहयोग देने का आरोप लगाते हुए पासपोर्ट एक्ट, फॉरेनर्स एक्ट और IPC की धाराओं में केस दर्ज किया।

कोर्ट ने सुनवाई के बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।